सामूहिक आत्महत्या: पति-पत्नी और पांच बच्चों के शव नहर से निकाले गए, 6 के हाथ आपस में बंधे थे
सांकेतिक तस्वीर (पिक्साबे)
राजस्थान के जालोर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक परिवार के सात सदस्यों ने सामूहिक रूप से आत्महत्या कर ली. नर्मदा नहर से बुधवार को एक दंपति और उनके पांच बच्चों के शव बरामद किए गए.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दंपति ने अपने पांच बच्चों के साथ नर्मदा नहर में छलांग लगा दी थी.
सांचौर पुलिस थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक दंपति की पहचान शंकरलाल (32) और उनकी पत्नी बदली (30) के रूप में हुई है.
पुलिस ने शवों को नहर से बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टेम कराने के लिए पंचायतनामा भरा. इस दौरान, पुलिस ने देखा कि 6 मृतकों के हाथ एक दूसरे से रस्सी से बंधे हुए थे. बुधवार दोपहर को दंपति के आठ वर्षीय बेटे का भी शव मिल गया. इस तरह पूरा परिवार काल के गाल में समा गया.
आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और आगे की जांच की जा रही है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
