मनोज मुंतशिर ने ‘आदिपुरुष’ के लिए ‘बिना शर्त माफ़ी’ मांगी, फिर भी लोगों ने लगाई क्लास

Manoj Muntashir

Photo: Facebook/Manoj Muntashir

The Hindi Post

मुंबई | फिल्म आदिपुरुष के लेखक मनोज मुंतशिर ने शनिवार को लोगों से माफी मांग ली.

मुंतशिर ने ट्विटर पर लिखा, “मैं स्वीकार करता हूँ कि फ़िल्म आदिपुरुष से जन भावनायें आहत हुई हैं. अपने सभी भाइयों-बहनों, बड़ों, पूज्य साधु-संतों और श्री राम के भक्तों से, मैं हाथ जोड़ कर, बिना शर्त क्षमा माँगता हूँ. भगवान बजरंग बली हम सब पर कृपा करें, हमें एक और अटूट रहकर अपने पवित्र सनातन और महान देश की सेवा करने की शक्ति दें.”

हालांकि, लोगों ने फिर भी मनोज मुंतशिर को आड़े हाथों लिया और अपना गुस्सा जाहिर किया.

एक ट्विटर यूजर ने लिखा, “काफी देर कर दी. जब फिल्म फ्लॉप हो गई, सिनेमा घर से उतरनी शुरू हो गई, जब खोने को कुछ और नहीं बचा, जब जनता का आक्रोश खुद ही ठंडा हो गया, तब माफी मांग रहे हो. यह काम तो फिल्म रिलीज़ होने के कुछ दिनों के भीतर ही होना चाहिए था लेकिन तब तो आप कलेक्शन गिनने और फिल्म का बचाव कर घाव पर नमक छिड़कने में व्यस्त थे. अब फिल्म की कमाई पूरी तरह थम गई है तो माफी मांग रहे हैं. खैर, देर आए, दुरुस्त आए.

एक अन्य यूजर ने लिखा, “अब जब गलती मान रहे है आप तो एक काम किजिए सभी जगह से ये फिल्म डिलीट कीजिए और OTT में फिल्म नही चलनी चाहिए या फिर यूट्यूब पर…”

बता दे कि करीब 500 करोड़ रुपये के बजट से बनी इस फिल्म को इसके निर्देशन, वीएफएक्स, संवाद और पटकथा के लिए जमकर आलोचना मिली. इसके बाद निर्माताओं ने जनता और दर्शकों के इनपुट को महत्व देते हुए फिल्म के संवादों में भी बदलाव कर दिया था.

आईएमडीबी के अनुसार, प्रभास-अभिनीत इस फिल्म का दुनिया भर में कुल संग्रह 410 करोड़ रुपये तक ही पहुंच पाया. इसमें दो तेलुगु भाषी राज्यों – तेलंगाना और आंध्र प्रदेश का 128.50 करोड़ रुपये का संग्रह शामिल हैं.

यह फिल्म हिंदी और तेलुगु में रिलीज़ हुई थी और इसमें प्रभास, कृति सेनन, सनी सिंह, देवदत्त नागे, सैफ अली खान, वत्सल शेठ और सोनल चौहान मुख्य भूमिकाओं में थे.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!