अमृतसर में निहंगों ने तंबाकू चबाने पर 35 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी
अमृतसर | स्वर्ण मंदिर (अमृतसर) के पास के इलाके में एक होटल के बाहर कथित तौर पर तंबाकू चबाने पर दो निहंगों (पारंपरिक हथियारों से लैस सिखों) ने 35 वर्षीय एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। गंभीर रूप से घायल हरमनजीत सिंह को बुधवार रात को लहूलुहान करने के बाद सड़क पर छोड़ दिया गया था. इसके बाद उनकी मौत हो गई. अगली सुबह पुलिस को वारदात का पता चला.
होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में यह भीषण हत्याकांड कैद हो गया. हालांकि, शहर में शराब पीने या धूम्रपान पर कोई प्रतिबंध नहीं है.
पुलिस आयुक्त अरुण पाल सिंह ने मीडिया को बताया कि निहंगों का कहना है कि वह व्यक्ति नशे की हालत गली में घूम रहा था और उसने इस पवित्र जगह पर तंबाकू चबाने का अपराध किया, इसलिए उन्हें गुस्सा आया.

गरमागरम बहस के बाद उन्होंने कथित तौर पर उस व्यक्ति पर हथियार से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई.
पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है. बाकी संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
उन्होंने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राहगीर मूकदर्शक बने रहे और किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया. युवक घायल हालत में पूरी रात सड़क पर पड़ा रहा, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की और न ही पुलिस को फोन किया.”
पीड़ित परिवार ने कहा कि शाम के समय किसी का फोन आने के बाद वह (हरमनजीत सिंह) घर से निकला था, मगर फिर लौटा नहीं.
आईएएनएस
