युवक ने की डॉग के साथ क्रूरता, पहले लाठी से मारा फिर मारी ईंट, इससे भी मन नहीं भरा तो लाश को घसीटा
सांकेतिक तस्वीर
युवक ने की डॉग के साथ क्रूरता, पहले लाठी से मारा फिर मारी ईंट, इससे भी मन नहीं भरा तो लाश को घसीटा
उत्तर प्रदेश के मेरठ के कंकरखेड़ा इलाके से जानवरों के प्रति क्रूरता का एक गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि मोहल्ले के एक बच्चे को काटने की घटना से नाराज युवक ने स्ट्रीट डॉग पर बर्बर हमला किया और उसे मौत के घाट उतार दिया.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक चांद ने कुत्ते को पहले लाठी-डंडों से पीटा और फिर उसके मुंह पर ईंट मार दी. हमले के बाद कुत्ते की मौत हो गई. इसके बाद युवक ने कुत्ते के शव को रस्सी से बांधकर पूरे मोहल्ले में घसीटा. यह पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि घटना दो दिन पहले की है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब उन्होंने युवक को रोकने की कोशिश की तो उसने उनसे झगड़ा करना शुरू कर दिया और हाथापाई पर उतर आया. आरोप है कि वह ईंट उठाकर लोगों की ओर भी दौड़ा जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया.
कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो में युवक को कुत्ते के शव को घसीटते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है.
आयुष विक्रम (एसपी सिटी) ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई है. आरोपी की पहचान चांद के रूप में हुई है और उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है.
Hindi Post Dot In
