“अगर INDIA गठबंधन सत्ता में आया तो हम सीएए और एनआरसी को खत्म कर देंगे”

Lok Sabha Election (1)
The Hindi Post

गुवाहाटी | पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि अगर विपक्षी गठबंधन केंद्र की सत्ता में आता है, तो वह नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को रद्द करने के अलावा, असम से राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) को खत्म कर देगा.

बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार, राधेश्याम विश्वास के समर्थन में असम के सिलचर में एक रैली में कहा, “भाजपा ने सीएए और एनआरसी के बहाने लोगों पर अत्याचार किया है. पूरे देश ने दिल्ली, गुवाहाटी, सिलचर आदि में अराजकता देखी. उन्होंने (भाजपा) आम लोगों पर काफी अत्याचार किए हैं. अगर हम सत्ता में आते हैं, तो हम सीएए और एनआरसी को खत्म कर देंगे.”

आपको बता दे कि असम देश का एकमात्र राज्य है जहां एनआरसी, जिसे पहली बार 1951 में संकलित किया गया था, को सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अगस्त 2019 में अपडेट किया गया.

Mamata Banerjee (2) (1)

रैली को संबोधित करते हुए, बंगाल की मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि भाजपा के शासन में लोकतंत्र को “खतरे” का सामना करना पड़ रहा है, और अगर पीएम नरेंद्र मोदी तीसरे बार सत्ता में आते हैं, तो वह देश में सभी मौजूदा प्रणालियों को बदल देंगे.

मुख्यमंत्री ने दावा किया, ”अगर नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने, तो वह देश से चुनावी प्रक्रिया खत्म कर देंगे.”

बनर्जी ने यह भी कहा कि अगर विपक्षी खेमा (INDIA ब्लॉक) केंद्र में सरकार बनाता है तो समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू नहीं की जाएगी.

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि सीपीआई-एम और कांग्रेस दोनों बंगाल में भाजपा के हाथों में खेल रहे हैं और यही वजह है कि तृणमूल कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया.

उन्होंने यह भी कहा कि अगर दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की सरकार बनती है तो तृणमूल उसके केंद्र में रहेगी.

तृणमूल असम में चार सीटों – सिलचर, लखीमपुर, कोकराझार और बारपेटा – पर चुनाव लड़ रही है.

आईएएनएस

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!