एयर शो में बड़ा हादसा, दो लड़ाकू विमान हवा में टकराकर क्रैश, फिर नजर आया धुएं का गुबार और आग की लपटें

Two military planes collide mid air Depositphotos_883027642_XL (1) (1) (1)
The Hindi Post

एयर शो में बड़ा हादसा, दो लड़ाकू विमान हवा में टकराकर क्रैश, फिर नजर आया धुएं का गुबार और आग की लपटें

 

अमेरिका के इडाहो स्थित एक सैन्य अड्डे पर रविवार को आयोजित एयर शो के दौरान दो ‘EA-18G ग्राउलर’ लड़ाकू विमान आपस में टकरा गए. इस दुर्घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल फुटेज में दोनों विमानों को फॉर्मेशन कलाबाजी के दौरान टकराते और फिर गिरते हुए देखा जा सकता है. राहत की बात यह रही कि हादसे के तुरंत बाद आसमान में चार पैराशूट खुलते दिखाई दिए जिससे पुष्टि हुई कि चालक दल के सभी सदस्य (एयरक्रू) समय रहते सुरक्षित बाहर (इजेक्ट) निकलने में कामयाब रहे.

यह दुर्घटना बोइसी शहर से लगभग 50 मील दूर माउंटेन होम एयरफोर्स बेस पर चल रहे ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ के दौरान हुई. स्थानीय मीडिया के अनुसार, बेस से करीब दो मील की दूरी पर बेहद करीब से उड़ान भरने (क्लोज-फॉर्मेशन) का करतब दिखाते समय दोनों विमान आपस में उलझ गए. टक्कर के बाद विमानों से चिंगारियां निकलीं और वे एक बड़े आग के गोले में तब्दील होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए. इससे आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया.

हादसे के बाद सैन्य अड्डे पर तुरंत लॉकडाउन लगा दिया गया और आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे. अधिकारियों के अनुसार, पैराशूट से उतरे सभी सैनिक ठीक हैं. इस हादसे के बाद एयर शो के बाकी सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.

 

अमेरिका के इडाहो एयर शो में बड़ा हादसा, दो लड़ाकू विमान हवा में टकराकर क्रैश

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन


The Hindi Post
error: Content is protected !!