बड़ी खबर : कार से 150 किलो विस्फोटक, 200 एक्सप्लोसिव कार्ट्रिज, 1100 मीटर तार मिला, क्या है पूरा मामला ?

150 kgs of explosive recovered from car (1) (1)
The Hindi Post

बड़ी खबर : कार से 150 किलो विस्फोटक, 200 एक्सप्लोसिव कार्ट्रिज, 1100 मीटर तार मिला, क्या है पूरा मामला ?

 

टोंक | राजस्थान के टोंक जिले में डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम यानि डीएसटी ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस को सूचना मिली थी कि बूंदी से टोंक की तरफ आ रही एक गाड़ी में भारी मात्रा में विस्फोटक छुपाया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम बरौनी थाना इलाके में सतर्क हो गई. जैसे ही गाड़ी को रोका और उसकी जांच की गई तो विस्फोटक सामग्री बरामद हो गई.

गाड़ी में करीब 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट मिला जिसे यूरिया के कट्टों में छुपाया गया था. इसके अलावा, 200 डेंजर एक्सप्लोसिव कार्ट्रिज और 6 बंडल फ्यूज वायर भी बरामद हुए है. एक बंडल में लगभग 183 मीटर वायर थी और कुल मिलाकर 1100 मीटर वायर जब्त किया गया है.

डीएसटी ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है: पहला सुरेंद्र, भंवर लाल पटवा का बेटा, उम्र 48 साल और दूसरा सुरेंद्र मोची, दुलीलालजी का बेटा, उम्र 35 साल. दोनों ही बूंदी जिले के करबर थाना इलाके के रहने वाले हैं.

सिटी सीओ टोंक मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि यह कार्रवाई बरौनी थाना इलाके में इसलिए की गई क्योंकि वहां सुरक्षित तरीके से गाड़ी को रोका जा सकता था. उन्होंने बताया कि जांच में यह सामने आया कि आरोपी विस्फोटक बूंदी से टोंक ला रहे थे. अब पता लगाया जा रहा है कि ये विस्फोटक कहां से आया, किसके पास जा रहा था और इसका इस्तेमाल किसके लिए होना था.

उन्होंने बताया कि अमोनियम नाइट्रेट जैसा विस्फोटक किसी बड़े धमाके या अवैध गतिविधि में इस्तेमाल किया जा सकता है. इसलिए डीएसटी यह भी देख रही है कि कहीं यह किसी बड़ी साजिश या खनन के काम में तो नहीं इस्तेमाल होने वाला था.

हाल ही में दिल्ली और अरावली से विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल होने की घटनाएं सामने आई हैं. इसलिए इस मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है.

सिटी सीओ ने कहा कि अनुसंधान अभी भी जारी है और जैसे ही और तथ्य सामने आएंगे, उन्हें जनता के साथ साझा किया जाएगा.

IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!