पेड़ से टकराई पुलिस की गाड़ी, दरोगा की मौत, महिला समेत कई पुलिसकर्मी घायल
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
पेड़ से टकराई पुलिस की गाड़ी, दरोगा की मौत, महिला समेत कई पुलिसकर्मी घायल
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. इसमें गोरखपुर पुलिस के एक दरोगा की मौत हो गई, जबकि एक महिला दरोगा और एसएसआई (SSI) समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए. यह हादसा उस समय हुआ जब पुलिस टीम कुशीनगर में दबिश देकर वापस गोरखपुर लौट रही थी.
अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो
हादसा मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतरारी इलाके में हुआ. शुरुआती जांच के अनुसार, हाईवे पर गाड़ी चला रहे चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और फिर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया.

दबिश देकर लौट रही थी टीम
पुलिस के मुताबिक, गोरखपुर के रामगढ़ताल थाने की एक टीम जालसाजी के एक मामले में आरोपी की तलाश में कुशीनगर के खड्डा क्षेत्र में दबिश देने गई थी. टीम में एसएसआई रमेश चंद्र कुशवाहा, दरोगा संतोष कुमार, महिला दरोगा गीता, दो कांस्टेबल और चालक शामिल थे. छापेमारी की कार्रवाई पूरी कर सभी वापस गोरखपुर लौट रहे थे. तभी महराजगंज सीमा में यह हादसा हो गया.
दरोगा की मौत
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों को क्षतिग्रस्त गाड़ी से बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया. सभी घायलों को तत्काल गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां इलाज के दौरान दरोगा संतोष कुमार ने दम तोड़ दिया. वही घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है. चालक और अन्य दो कांस्टेबलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.

परिजनों और विभाग में शोक
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों के उपचार का जायजा लिया. दरोगा संतोष कुमार की मौत की खबर से विभाग में शोक की लहर है. उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
