दर्दनाक हादसा: पलटा बारातियों से भरा वाहन, हादसे में चार लोगों की मौत, सीएम ने जताया दुख

Dead-Body-Depositphotos_120369064_s-2019-1

प्रतीकात्मक इमेज (हिंदी पोस्ट)

The Hindi Post

विदिशा/भोपाल | मध्य प्रदेश के विदिशा में गुरुवार की देर रात को बारातियों से भरा एक वाहन पलट गया. इस हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, वहीं 12 लोग घायल हो गए हैं. इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया है और सहायता राशि का भी ऐलान किया है.

जानकारी के मुताबिक, बारात इंदौर के एक गांव से विदिशा के सिरोंज में बारात आई थी. यह बारात गुरुवार की देर रात को लौट रही थी, इसी दौरान मदागन घाटी पर बारातियों का वाहन पलट गया. इस वाहन में 16 लोग सवार थे, जिनमें से चार लोगों की मौत हो गई है, वहीं 12 अन्य लोग घायल हुए हैं. घायलों में से पांच की हालत गंभीर है और उनका उपचार जारी है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक वाहन में बाराती सवार थे जबकि दूसरे वाहन में दूल्हा, दुल्हन और अन्य लोग थे. हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस दल मौके पर पहुंचा. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, घायलों का उपचार जारी है.

हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विदिशा जिले के लटेरी तहसील क्षेत्र में बस दुर्घटनाग्रस्त होने से चार लोगों की आकस्मिक मृत्यु का समाचार अत्यंत ही दुखद है. दुख की इस घड़ी में सभी शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी शोक संवेदनाएं हैं.

सीएम ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 2-2 लाख रुपए एवं गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं.


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!