महिला डिप्टी एसपी पर 2 लाख रूपए नकद और मोबाइल फोन चोरी करने का गंभीर आरोप, FIR दर्ज
सीसीटीवी में नोटों की गड्डी ले जाती दिखीं महिला डिप्टी एसपी कल्पना रघुवंशी / (फोटो क्रेडिट : वायरल वीडियो से लिया गया स्क्रीनग्रैब
महिला डिप्टी एसपी पर 2 लाख रूपए नकद और मोबाइल फोन चोरी करने का गंभीर आरोप, FIR दर्ज
भोपाल | पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) कल्पना रघुवंशी पर अपनी दोस्त के घर से पैसे और मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है.
राज्य पुलिस के लिए शर्मिंदगी वाली यह घटना इसी महीने की शुरुआत में हुई थी. हालांकि, इसका खुलासा तब हुआ जब कथित घटना का एक सीसीटीवी फुटेज बुधवार शाम सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.
एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को नाम न छापने की शर्त पर आईएएनएस को बताया कि डीएसपी रघुवंशी के खिलाफ यह आरोप उनकी दोस्त प्रमिला तिवारी ने लगाया है. प्रमिला भोपाल के जहांगीराबाद इलाके में रहती हैं.
पुलिस के अनुसार, प्रमिला तिवारी ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कल्पना रघुवंशी ने उनके घर से 2 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन चुरा लिया है.
सिवनी में एक महिला डीएसपी पर डकैती की धारा लगी तो भोपाल कैसे पीछे रहता यहां एक महिला डीएसपी पर चोरी का मामला दर्ज हुआ है अपने ही दोस्त के घर से 2 लाख रु और मोबाइल चोरी का आरोप मैडम सीसीटीवी में कैद हैं पुलिस गिरफ्त से बाहर @GargiRawat @alok_pandey @manishndtv pic.twitter.com/RIwIKN7avf
— Anurag Dwary (@Anurag_Dwary) October 29, 2025
प्रमिला तिवारी ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने अपने बच्चे की स्कूल फीस के लिए 2 लाख रुपये नकद और अपने मोबाइल फोन के साथ एक बैग में रखे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह नहा रही थीं, तब कल्पना रघुवंशी कथित तौर पर उनके घर में घुस आई और उनके बैग से नकदी और फोन चुरा लिया.
प्रमिला को शक हुआ और उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक की, जिसमें कल्पना उनके घर में आते-जाते साफ दिखाई दे रही थी. भोपाल पुलिस द्वारा बुधवार को साझा किए गए एक सीसीटीवी फुटेज में भी कल्पना हाथ में नोटों का बंडल लिए हुए दिखाई दे रही हैं.
सीसीटीवी साक्ष्य के आधार पर प्रमिला ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. पुलिस सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि रघुवंशी के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस मुख्यालय ने डीएसपी रघुवंशी को एक विभागीय नोटिस भी जारी किया है.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चोरी हुआ मोबाइल फोन बाद में कल्पना के घर से बरामद कर लिया गया लेकिन 2 लाख रुपये की नकदी अभी भी गायब है. फिलहाल कल्पना रघुवंशी फरार है.
IANS
