लखनऊ : बच्ची से बलात्कार मामले के आरोपी को यूपी पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया
बच्ची को उठा के भागता दुष्कर्म का आरोपी CCTV में हुआ कैद (सोशल मीडिया)
लखनऊ | तीन साल की बच्ची के अपहरण और बलात्कार के आरोपी को लखनऊ पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है. सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान दीपक वर्मा के रूप में की थी जिसमें वह बच्ची के साथ दिखाई दिया था.
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी आदतन अपराधी था और शहर के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस की पांच टीमों को गठित किया गया और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए उसकी पहचान की और उसके स्कूटर का रजिस्ट्रेशन नंबर हासिल किया. इसके बाद एक गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार तड़के छावनी के देवी खेड़ा के पास आरोपी वर्मा को पकड़ लिया गया.
पुलिस उपायुक्त आशीष श्रीवास्तव के मुताबिक, “जब आरोपी से आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, तो उसने पुलिस टीम पर गोलियां चला दी थी जिसके बाद जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया.”
डीसीपी श्रीवास्तव ने मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि 5 जून की सुबह 10 बजे शिकायत दर्ज कराई गई थी कि ढाई साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है. इसके बाद मुकदमा दर्ज कर पांच टीमों को गठित किया गया. सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपी की पहचान दीपक वर्मा के रूप में हुई. पुलिस आयुक्त को एक लाख रुपये का इनाम घोषित करने का प्रस्ताव दिया गया. 20 घंटे के अंदर पुलिस टीम और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई. इस मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसने दम तोड़ दिया.”
पुलिस ने गुरुवार को बताया था कि बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया था और फिर उसे बेहोशी की हालत में मेट्रो पुल के नीचे छोड़ दिया गया. यह घटना लखनऊ के आलमबाग इलाके में हुई थी. बच्ची अपने माता-पिता के साथ चंदानगर मेट्रो स्टेशन के पास रहती थी. सुबह बच्ची नहीं मिलने पर माता-पिता ने उसकी तलाश शुरू की थी. कुछ देर बाद बच्ची मेट्रो पुल के नीचे बेहोशी की हालत में मिली थी.
परिजनों ने बच्ची को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया था और आलमबाग थाने में तहरीर दी थी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और जांच की थी.
