“छोड़ो, हो गया जो हो गया यार… छोड़ दो ना… क्या करोगे…..”, होश उड़ा देगा इंदौर के ‘सनकी’ कातिल का बेखौफ अंदाज, VIDEO

indore 2

मीडिया से सवालों के दोरान आरोपी मुस्कुराता दिखा / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया)

The Hindi Post

“छोड़ो, हो गया जो हो गया यार… छोड़ दो ना… क्या करोगे…..”, होश उड़ा देगा इंदौर के ‘सनकी’ कातिल का बेखौफ अंदाज, VIDEO

 

इंदौर के सनसनीखेज एमबीए छात्रा हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी पीयूष धनोतिया अब पुलिस और मीडिया के सामने बेहद संवेदनहीन और अजीबोगरीब व्यवहार कर रहा है. पुलिस टीम जब उसे ‘सीन रिक्रिएशन’ (वारदात के दृश्य को दोहराने) के लिए घटनास्थल पर ले गई तो वहां उसका एक अलग ही चेहरा सामने आया.

‘वजह जानकर क्या करोगे’: आरोपी की संवेदनहीनता

सीन रिक्रिएशन के दौरान जब पत्रकारों ने पीयूष से सवाल किया कि उसने छात्रा की हत्या क्यों की, तो उसने बहुत ही बेपरवाही से जवाब दिया. पीयूष ने कहा, “वजह जानकर क्या करोगे? कुछ नहीं हुआ है, छोड़ो, जो हो गया सो हो गया यार… छोड़ दो न अब.” उसके लहजे में अपनी क्लासमेट की हत्या को लेकर रत्ती भर भी पछतावा या गंभीरता नजर नहीं आई.

चेहरे पर मुस्कान और अजीब व्यवहार

जब उससे पूछा गया कि क्या उसे अपने किए पर कोई पछतावा है, तो उसने हल्की मुस्कान के साथ कहा कि वह ‘समय आने पर जवाब देगा’. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान पीयूष का व्यवहार बेहद असामान्य रहा है. वह कभी एकदम शांत हो जाता है, तो कभी अजीब बातें करने लगता है.

गायब होने का रहस्य और रहस्यमयी मैसेज

गौरतलब है कि मंगलवार (10 फरवरी) को छात्रा अपने जन्म प्रमाण पत्र में सुधार कराने की बात कहकर घर से निकली थी. उसके पिता ने उसे कलेक्ट्रेट के पास छोड़ा था. दोपहर में उसने अपनी छोटी बहन को फोन कर बताया था कि वह अपने क्लासमेट पीयूष धनोतिया के साथ एक बर्थडे पार्टी में जा रही है और रात 11 बजे तक घर लौट आएगी. लेकिन वह कभी वापस नहीं लौटी. रात करीब 11 बजे छात्रा के फोन से एक मैसेज आया, “पापा से कह देना कि वह घर वापस नहीं आएगी.” इसके तुरंत बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया.

कॉलेज ग्रुप में वायरल हुए आपत्तिजनक वीडियो

उसी रात छात्रा के मोबाइल से कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप और उसके स्टेटस पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए गए. वीडियो में छात्रा का चेहरा साफ दिख रहा था, जबकि दूसरे व्यक्ति का चेहरा इमोजी से छिपाया गया था. अगले दिन कॉलेज प्रबंधन ने उसके पिता को बुलाकर वीडियो और दोनों छात्रों के फोन बंद होने की जानकारी दी थी. इसके बाद परिवार ने बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी.

पुलिस की कथित लापरवाही

परिजनों ने आरोप लगाया है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई. पुलिस पीयूष के द्वारकापुरी (इंदौर में) स्थित किराए के कमरे पर गई तो थी लेकिन बाहर से ताला लगा देख वापस लौट आई थी और कहा था कि कोई आए तो मकान मालिक सूचना दे दे.

सड़ा-गला शव और मोजों से पहचान

दो दिन बाद शुक्रवार को पड़ोसियों ने कमरे (पीयूष के) से आ रही तेज दुर्गंध की शिकायत की. पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर छात्रा का नग्न और बुरी तरह सड़ चुका शव मिला. शव इतनी बुरी हालत में था कि पिता ने अपनी बेटी की पहचान उसके द्वारा पहने गए मोजों से की थी. शव के गले पर रस्सी के निशान थे जिससे गला घोंटने की पुष्टि हुई थी.

सीसीटीवी और हत्या की खौफनाक दास्तां

पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में पीयूष 10 फरवरी को छात्रा के साथ कमरे (पीयूष के) में दाखिल होते दिखा था लेकिन ढाई घंटे बाद वह अकेले एक बैग लेकर निकलता नजर आया था. पुलिस पूछताछ में जो खुलासे हुए वे रोंगटे खड़े करने वाले थे.

पुलिस का आरोप है कि पीयूष ने छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला था. इनकार करने पर उसने ‘गिफ्ट’ देने के बहाने उसके हाथ-पैर बांधे और आंखों पर पट्टी बांध दी थी. फिर गला घोंट दिया था जिससे वो बेहोश हो गई थी. पुलिस के अनुसार, जब वह बेदम हो गई थी तो पीयूष ने उसके सीने पर चाकू से इतने जोर से वार किया था कि उसकी (चाकू की) ब्लेड टूट गई थी.

पुलिस का यह भी आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी बाहर गया, बीयर खरीदी और फिर उसे शव के पास बैठकर पिया. उसने पुलिस के सामने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने मृत शरीर के साथ दुष्कर्म भी किया था.

काला जादू और मुंबई में गिरफ्तारी

पुलिस ने कहा कि हत्या करने के बाद आरोपी मुंबई भाग गया. पुलिस के अनुसार, वह पनवेल के सुनसान इलाके और मेट्रो स्टेशनों पर घूमता रहा. उसने सबूत मिटाने के लिए छात्रा का फोन नष्ट कर दिया. पुलिस ने कहा कि वह यूट्यूब पर ‘आत्माओं को बुलाने’ के तरीके खोज रहा था और पनवेल में उसने काला जादू करने की कोशिश भी की थी.

मंदसौर (मध्य प्रदेश) के रहने वाले पीयूष को इंदौर पुलिस ने मुंबई पुलिस की मदद से मुंबई के अंधेरी से गिरफ्तार किया था. पूछताछ में उसने दावा किया कि छात्रा (मृतका) उससे दूरी बनाने लगी थी और उसके फोन में ‘डेटिंग ऐप’ देखकर उसे शक हुआ था जिसके चलते उसने इस भयानक कांड को अंजाम दे डाला.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन


The Hindi Post
error: Content is protected !!