इजराइल-हमास जंग में हुई लेबनान के हिजबुल्लाह की एंट्री: हिजबुल्लाह ने इजराइल पर बरसाए बम, इजराइल ने किया ड्रोन अटैक

Israel 5 (1)
The Hindi Post

बेरूत | हिजबुल्लाह आतंकवादी समूह ने रविवार सुबह इजरायली सैन्य स्थलों पर मोर्टार दागे. उधर, गाजा पट्टी में फिलिस्तीनी हमास आतंकवादी समूह के हमले के मद्देनजर दक्षिणी इजरायल में लड़ाई जारी है. इजरायली मीडिया ने ये जानकारी दी.

टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार, हिजबुल्लाह ने हमास के द्वारा किए गए हमले के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए माउंट डोव क्षेत्र में तीन इजरायली ठिकानों पर दर्जनों रॉकेट और गोले दागने का दावा किया है.

हिजबुल्लाह ने एक बयान में कहा कि ये हमला, “फिलिस्तीनी प्रतिरोध” के साथ एकजुटता के लिए था. टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार, दावा किया गया है कि इजरायली ठिकानों पर सीधा हमला किया गया.

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए फुटेज में उस पल को देखा जा सकता है जब एक मोर्टार के माध्यम से सीमा पर इजरायली सैन्य स्थल पर हमला किया गया.

इजराइल रक्षा बलों ने किसी के घायल होने की सूचना नहीं दी और कहा कि उसने हिजबुल्लाह के मिलिट्री ढांचे पर ड्रोन के हमला करके जवाब दिया.

एक सैन्य सूत्र के अनुसार, ड्रोन हमले में जिस स्थान को निशाना बनाया गया वह एक तंबू था जिसे आतंकवादी समूह ने महीनों पहले इजरायली क्षेत्र में स्थापित किया था. लेबनान में हताहतों के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है.

लेबनान में तैनात संयुक्त राष्ट्र के अंतरिम बल ने कहा कि वह “स्थिति को नियंत्रित करने और उसे अधिक गंभीर होने से बचने के लिए” दोनों पक्षों के संपर्क में है.

टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार, हिजबुल्लाह ने इजरायल और फिलिस्तीनी समूहों के बीच पिछले दौर की लड़ाई में भाग नहीं लिया था.

हाल के महीनों में लेबनानी सीमा पर तंबू सहित दर्जनों हिजबुल्लाह चौकियों की तैनाती और आतंकवादी समूह के गुर्गों द्वारा बढ़ाई गई गश्त और उपस्थिति के बाद तनाव बना हुआ है.

इजरायल के उत्तरी सीमा पर गोलीबारी तब हुई जब वह दक्षिणी सीमा पर हमास आतंकवादी समूह से लड़ रहा था.

टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार, गाजा स्थित आतंकवादी समूह ने शनिवार की सुबह इजराइल पर एक बड़ा हमला किया. उसने हजारों रॉकेट दागे और जमीन, समुद्र और हवा के रास्ते से इजराइल में सैकड़ों बंदूकधारियों को भेजा. इस हमले में लगभग 300 लोग मारे गए और 1,500 से अधिक घायल हो गए.

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!