भारत आ रही इंडिगो फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी, मचा हड़कंप
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
भारत आ रही इंडिगो फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी, मचा हड़कंप
अहमदाबाद | कुवैत से दिल्ली लौट रहे इंडिगो विमान की शुक्रवार को अहमदाबाद में आपात लैंडिंग कराई गई. दरअसल, इस विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. इसलिए इसकी इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी.
सभी यात्रियों को नियंत्रित तरीके से विमान से बाहर निकाला गया और एयरपोर्ट के अंदर ले जाया गया. इस प्रक्रिया के दौरान किसी के घायल होने या मेडिकल इमरजेंसी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली.
जानकारी के अनुसार, इस विमान में कुल 186 लोग सवार थे. विमान में मिले एक टिश्यू पेपर पर धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया गया था. हाथों से लिखे गए इस नोट में हाईजैकिंग और बम का जिक्र था जिसके बाद फ्लाइट क्रू ने तुरंत कार्रवाई की. स्टैंडर्ड एविएशन सेफ्टी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट किया और विमान को सबसे नजदीकी एयरपोर्ट की ओर मोड़ने का फैसला किया गया. इसके बाद विमान को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया.
एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर एनडी नाकुम ने कहा कि धमकी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तेजी से कार्रवाई की. उन्होंने कहा, “धमकी मिलने के बाद सभी संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया. बम निरोधक दस्ते ने विमान की जांच की. अब तक कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक चीज नहीं मिली है. विमान की जांच प्रक्रिया पूरी हो गई है.”
बम निरोधक दस्ते, सीआईएसएफ टीमों, डॉग स्क्वॉड और एयरपोर्ट सुरक्षा टीमों ने विमान की विस्तृत जांच की है. विमान के अलावा, सभी यात्रियों के सामान की भी जांच की गई और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के अनुसार यात्रियों की व्यक्तिगत सुरक्षा जांच की गई.
ऑपरेशन के दौरान पूरे एयरपोर्ट पर भारी पुलिस बल तैनात रहा. फिलहाल, अधिकारी हाथ से लिखे धमकी भरे नोट की जांच कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इसे विमान के अंदर कैसे रखा गया था. अधिकारियों ने कहा कि जांच के नतीजों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी.
