बेंगलुरु पुलिस ने ‘जॉम्बी ड्रग’ वाले वीडियो पर चेतावनी जारी की
बेंगलुरु पुलिस ने ‘जॉम्बी ड्रग’ वाले वीडियो पर चेतावनी जारी की
बेंगलुरु | सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो पर बेंगलुरु पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. पुलिस ने साफ किया है कि बिना पुष्टि के भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही वीडियो साझा करने वालों को नोटिस भेजे जाएंगे.
सिटी पुलिस कमिश्नर सीमंत कुमार सिंह ने बताया कि 25 से अधिक लोगों को नोटिस जारी किए जाने की संभावना है. उन्होंने कहा कि बिना किसी तथ्य के दावे करना और उन्हें सोशल मीडिया पर फैलाना गंभीर अपराध है. ऐसा करने से किसी की छवि को नुकसान पहुंच सकता है.
यह मामला तब सामने आया जब एक वायरल वीडियो में दावा किया गया कि शहर (बेंगलुरु) में ‘जॉम्बी ड्रग’ का इस्तेमाल हो रहा है. हालांकि, पुलिस जांच में यह दावा पूरी तरह गलत पाया गया. वीडियो में दिख रहे व्यक्ति का पता लगाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया. मेडिकल परीक्षण के बाद यह जानकारी सामने आई कि उसने किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं किया था.
पुलिस ने वीडियो अपलोड करने वाले शख्स हेमंत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. उसने बाद में माफी मांगते हुए कहा कि उसने यह वीडियो बिना सत्यापन के पोस्ट किया था. जांच में पता चला कि उसने 7 अप्रैल को बागलूर इलाके में एक व्यक्ति को नशे जैसी हालत में देखा और उसका 32 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया.
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने भी स्पष्ट किया कि बेंगलुरु में ‘जॉम्बी ड्रग’ जैसी कोई चीज मौजूद नहीं है. उन्होंने बताया कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति शराब और दवाइयों के असर में था. उन्होंने कहा, “वीडियो में दिख रहे व्यक्ति ने शराब पी रखी थी और साथ में गोलियां भी खाई थी जिसकी वजह से वह एक अजीब तरह से बर्ताव कर रहा था.”
पुलिस ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने या भ्रामक सामग्री पोस्ट करने वालों को कानूनी परिणाम भुगतने होंगे. साथ ही, जनता से सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने की अपील की गई है.
आईएएनएस
