केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को धमकी भरा फोन करने वाले के है आतंकी से संबंध

Nitin Gadkari PIB

File Photo | PIB

The Hindi Post

बेलगावी (कर्नाटक) | केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को धमकी भरे फोन करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए जयेश पुजारी के आतंकी से संबंध होने के सबूत मिले हैं. इस बात की जानकारी इन्वेस्टीगेशन में सामने आई है.

सूत्रों ने शनिवार को बताया कि आरोपी जयेश पुजारी (मंगलुरु का निवासी), जो वर्तमान में जेल में बंद है, आतंकी अफसर पाशा से कनेक्टेड है. अफसर पाशा 2005 में बेंगलुरु में भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) पर हुए आतंकी हमले में शामिल था.

सूत्रों के अनुसार, पाशा, जो वर्तमान में बेलगावी की हिंडालगा जेल में बंद है, का संबंध लश्कर-ए-तैयबा आतंकवादी संगठन से है.

जांच में आगे पता चला कि पुजारी ने पाशा के साथ मिलीभगत और योजना बनाकर (केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को) कॉल की थी.

महाराष्ट्र स्पेशल टास्क फोर्स के अधिकारियों ने जानकारी इकट्ठा करने के लिए हिंडालगा जेल का भी दौरा किया था.

पुजारी ने सबसे पहले 14 जनवरी को केंद्रीय मंत्री को पहली कॉल की थी और 100 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी. उसने रंगदारी नहीं देने पर गडकरी के जन संपर्क कार्यालय को विस्फोट से उड़ाने की धमकी दी थी.

महाराष्ट्र पुलिस ने जब जांच शुरू की तो पता चला कि कॉल हिंडालगा जेल से की गई थी.

पुजारी ने 21 मार्च को फिर से गडकरी के जन संपर्क कार्यालय में फोन किया था और इस बार 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी.

पुजारी को 28 मार्च को महाराष्ट्र पुलिस ने हिरासत में लिया था. अब इस मामले में पुलिस आरोप पत्र दाखिल करने की तैयारी कर रही है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!