भाजपा ने टिकट नहीं दिया फिर भी यह नेता उतरा चुनावी मैदान में, कराया नामांकन

Lok Sabha Election
The Hindi Post

शिवमोग्गा | कर्नाटक भाजपा के बागी नेता केएस ईश्वरप्पा ने शुक्रवार को हाई-प्रोफाइल शिवमोग्गा लोक सभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल कर दिया.

ईश्वरप्पा ने हजारों समर्थकों की उपस्थिति में एक जुलूस निकाला और फिर अपना नामांकन दाखिल किया.

बीजेपी की आपत्ति के बावजूद ईश्वरप्पा ने जुलूस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर और बैनर का इस्तेमाल किया.

ईश्वरप्पा ने कहा कि उन्होंने एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन किया है. शिवमोग्गा लोकसभा सीट के सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों से लगभग 15,000 से 20,000 समर्थकों ने उनके साथ आकर उन्हें समर्थन दिया.

फोटो क्रेडिट: आईएएनएस
फोटो क्रेडिट: आईएएनएस

ईश्वरप्पा ने पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और उनके बेटे बीवाई विजयेंद्र पर निशाना साधते हुए कहा, “आज से मतदान के दिन तक, हमारे कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे और लोगों को बताएंगे कि मेरे जैसे वफादार भाजपा कार्यकर्ता के साथ अन्याय क्यों हुआ? वे यह भी बताएंगे कि ये पार्टी पिता-पुत्र की जोड़ी में फंस गई है.”

ईश्वरप्पा ने कहा, “मुझे पूरा यकीन है कि शिवमोग्गा के मतदाता मुझे चुनेंगे. चुनाव के बाद पार्टी में बदलाव होंगे और भाजपा में सफाई अभियान चलेगा.”

बता दे कि पूर्व CM येदियुरप्पा के बेटे बीवाई राघवेंद्र, शिवमोग्गा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार हैं. कन्नड़ सुपरस्टार डॉ. शिवराजकुमार की पत्नी और दिवंगत एस. बंगारप्पा की बेटी गीता शिवराजकुमार इस सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार हैं.

इस सीट पर चुनाव अब दिलचस्प हो गया है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!