रेप की कोशिश और हत्या के आरोपी का पुलिस एनकाउंटर
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
हुबली (कर्नाटक) | कर्नाटक के हुबली से बड़ी खबर सामने आई है. यहां पुलिस ने यौन उत्पीड़न और हत्या के आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया है. मृतक ने कथित तौर पर पांच साल की बच्ची का अपहरण करने के बाद यौन उत्पीड़न किया था और फिर उसकी हत्या कर दी थी.
आरोपी की पहचान पटना निवासी 35 वर्षीय रितेश कुमार के रूप में हुई है. हालांकि, पुलिस ने दावा किया कि आरोपी की पहचान अभी नहीं हो पाई है.
हुबली और धारवाड़ के पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार ने कहा, “आरोपी को गोली इसलिए मारी गई क्योंकि उस पर पांच साल की बच्ची से रेप का आरोप था और आरोपी को भागने नहीं दिया जा सकता था. साथ ही पुलिस को खुद की सुरक्षा भी करनी थी.”
पुलिस आयुक्त ने आगे कहा, “पुलिस ने न्यूनतम बल का प्रयोग किया और आरोपी को एक गोली लगी. उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई.”
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, “जब हमें आरोपी की लोकेशन का पता चला तो हमने उसको हिरासत में ले लिया. इसके बाद उससे पूछताछ की गई. यह पूछताछ तीन घंटे चली. इस दौरान उसने अपना अपराध कबूल कर लिया लेकिन अपनी पहचान के बारे में सही जानकारी नहीं दी. आरोपी ने दावा किया कि वह पटना का रहने वाला है. उसने अपनी उम्र 35 वर्ष और नाम रितेश कुमार बताया. उसने बताया कि वह चार साल से अपने घर से बाहर है. उसने बताया कि वह तीन महीने पहले हुबली आया था.”
Karnataka: In Hubballi, a 35-year-old man named Ritesh Kumar from Bihar, accused of abducting, raping and murdering a 5-year-old girl, was killed in a police encounter after attempting to escape. Three police officers were injured during the incident pic.twitter.com/S3Vx73zump
— IANS (@ians_india) April 13, 2025
पुलिस अधिकारी ने कहा, “जांच के क्रम में पुलिस उसे उस घर पर ले गई जहां पर वह रहने का दावा करता था. इसी दौरान उसने पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया. उसने पुलिस वाहन और पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंकने की कोशिश की और भागने लगा. उसे भागने से रोकने के लिए महिला सब-इंस्पेक्टर अन्नपूर्णा ने हवा में गोली चलाई और उसे चेतावनी दी. जब आरोपी ने पत्थर फेंकना जारी रखा, तो महिला पुलिस अधिकारी को उस पर गोली चलानी पड़ी.”
उन्होंने कहा, “एक गोली उसके (आरोपी के) पैर में लगी और दूसरी उसकी पीठ में. वह बेहोश हो गया. उसकी जान बचाने के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई. इस पूरे घटनाक्रम में लेडी ऑफिसर अन्नपूर्णा, हमारे कर्मचारी यशवंत और वीरेश घायल हो गए.”
पुलिस के अनुसार, बच्ची को आरोपी शख्स एक सुनसान जगह ले गया. फिर उसने दुष्कर्म करने का प्रयास किया. जब बच्ची ने शोर मचाया तो स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए.
लोगों को आते देख आरोपी ने कथित तौर पर लड़की की गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से भाग निकला.
मृत बच्ची के पिता पेंटरहै और उसकी मां घेरलू सहायिका के तौर पर काम करती है.
एक अधिकारी ने कहा कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि बच्ची का यौन उत्पीड़न हुआ था या नहीं. उन्होंने कहा कि मेडिकल जांच से तथ्यों का पता चलेगा.
IANS
