कोलकाता दुर्गा पंडाल भगदड़ मामला : पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आयोजकों समेत 7 लोग गिरफ्तार

First Information Report FIR (1) (1)
The Hindi Post

कोलकाता दुर्गा पंडाल भगदड़ मामला : पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आयोजकों समेत 7 लोग गिरफ्तार

 

कोलकाता । उत्तर कोलकाता इलाके में हुई भगदड़ की घटना के सिलसिले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें दुर्गा पूजा पांडाल के आयोजक, सुरक्षाकर्मी और अन्य लोग शामिल हैं. पुलिस ने देर रात आयोजकों और अन्य लोगों के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया है.

पुलिस ने इस मामले में दुर्गा पूजा कमेटी के सचिव राजकुमार सेवदा, उपाध्यक्ष शांतनु दुबे, बांस ढांचे के निर्माण में शामिल बिप्लब मुखर्जी उर्फ ​​जॉय, भीड़ नियंत्रण के लिए लगाए गए कौशिक साहा व पिंटू, प्राइवेट सिक्योरिटी इंचार्ज सुमन चक्रवर्ती और राजेश पाल को गिरफ्तार किया है. कोलकाता पुलिस ने यह भी बताया कि कुछ अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.

भगदड़ की यह घटना उत्तर कोलकाता के मुक्ताराम बाबू स्ट्रीट इलाके में आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार की रात हुई थी. इस हादसे में कम से कम 19 लोगों की मौत हुई है, जबकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु घायल हुए है. यह घटना तब हुई जब मूर्तियों के दर्शन के लिए पंडाल में भारी भीड़ उमड़ पड़ी. बताया जा रहा है कि पूजा पंडाल में एग्जिट गेट का एक हिस्सा ढह जाने के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई थी.

रविवार को फोरेंसिक विभाग की एक टीम उत्तरी कोलकाता की मुक्ताराम बाबू स्ट्रीट स्थित उस जगह पहुंची जहां भगदड़ मची थी.

इससे पहले, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कलकत्ता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में मृतकों व घायलों के परिवारों से मुलाकात की थी. उन्होंने रात करीब 1 बजे घटनास्थल का भी दौरा किया था. वहां उन्होंने स्थिति का जायजा लिया था और पुलिस व आयोजकों से बातचीत की थी.

मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि सरकार प्रत्येक मृतक के परिवार को 25 लाख रुपए और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देगी. उन्होंने इस घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन की भी घोषणा की थी.

कोलकाता में भगदड़ की घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है. प्रधानमंत्री मोदी ने भगदड़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए देने की घोषणा की है.

By IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!