जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में फटा बादल, 38 लोगों की मौत, 100 से ज्यादा ……..
फोटो: आईएएनएस
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ के चशोती इलाके में बादल फटने से भारी तबाही हुई है. इस हादसे में अभी तक 38 लोगों की मौत हुई है. खबरों के मुताबिक, करीब 100 लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. घटनास्थल पर NDRF की टीम बचाव-राहत कार्य में संलग्न हैं. यह आपदा मचैल माता मंदिर के रास्ते में पड़ने वाले अंतिम मोटर योग्य गांव चशोती में दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच उस समय आई जब मचैल माता यात्रा के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए थे.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एलजी मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मौजूदा स्थिति पर बात की है. एक्स पर एक पोस्ट में, शाह ने कहा कि एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं और सरकार स्थिति पर कड़ी नज़र रख रही है. मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कल स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले ‘एट होम’ समारोह को रद्द कर दिया है. उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुबह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी रद्द करने का फैसला किया है. अब्दुल्ला ने कहा कि किश्तवाड़ में बादल फटने से हुई त्रासदी को देखते हुए, मैंने कल शाम को होने वाली “एट होम” चाय पार्टी रद्द करने का निर्णय लिया है. हमने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुबह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी रद्द करने का निर्णय लिया है.
बादल फटने की यह घटना मचैल माता तीर्थयात्रा के दौरान हुई है. चशोती वह आखिरी जगह है जहां तीर्थयात्रा में आने वाले लोग अपने वाहनों को पार्क करते हैं और इसके बाद 2,800 मीटर की ऊंचाई पर स्थित मचैल माता मंदिर तक पैदल यात्रा शुरू करते हैं. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया है कि बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
Kishtwar at least 30 people, have died and more than 200 are missing after a massive cloudburst struck Chositi village in Jammu and Kashmir’s Kishtwar district on Thursday, triggering flash floods and large-scale destruction.#Kishtwar #kishtwarcloudburst pic.twitter.com/lz94Y9V3jS
— Shahzad (@ShahzadPara_X) August 14, 2025
केंद्रीय मंत्री ने इस मामले में किश्तवाड़ के डीसी पंकज कुमार शर्मा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील कुमार शर्मा से बात की है. डीसी शर्मा ने बताया कि इलाके में बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है.
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना पर दुख जताया है. उपराज्यपाल ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है. सिविल, पुलिस, सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ अधिकारियों को बचाव और राहत अभियान को मजबूत करने और प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया गया है.
