किंग कोबरा को किया जा रहा था रेस्क्यू, अचानक 14 फीट लम्बे “दैत्य” ने मुंह फाड़कर कर दिया हमला, VIDEO
रेस्क्यू करने गई टीम पर हमला करता विशालकाय सांप / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया)
किंग कोबरा को किया जा रहा था रेस्क्यू, अचानक 14 फीट लम्बे “दैत्य” ने मुंह फाड़कर कर दिया हमला, VIDEO
देहरादून के भाऊवाला में किंग कोबरा की मौजूदगी दहशत की वजह बन गई. जिसने भी इसे देखा, वो हैरत में पड़ गया. आनन फानन में फॉरेस्ट की टीम को तो बुलाया गया, लेकिन काफी समय तक मशक्कत के बाद भी इस जहरीले सांप पर काबू नहीं पाया जा सका. मजबूरन इसके बाद विभाग की ही क्विक रिस्पांस टीम (QRT) टीम को बुलाया गया. जिसने बड़ी बहादुरी से 14 फिट लंबे सांप को रेस्क्यू कर लिया.
सबसे जहरीले सांपों में गिने जाने वाले किंग कोबरा की मौजूदगी भाऊवाला क्षेत्र में ना केवल लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई, बल्कि यहां इसका आकार देखकर लोग खौफजदा भी दिखे. देहरादून के भाऊवाला क्षेत्र में एक घर के पास इसे देखा गया. जिसके बाद फौरन वन विभाग की झांझरा रेंज को लोगों ने इसकी सूचना दी. विभाग को बताया गया कि एक बड़ा सांप क्षेत्र में घूम रहा है जो किसी के लिए भी खतरा बन सकता है.
सूचना के बाद झाझरा रेंज के वन कर्मी मौके पर पहुंचे और इस सांप को देखकर वह भी हैरान रह गए. अपने साथ तमाम इक्विपमेंट्स लिए इन वन कर्मियों ने इस सांप को रेस्क्यू करना शुरू कर दिया. इसे पकड़ने के लिए काफी मशक्कत की गई लेकिन यह जहरीला सांप इनके काबू में नहीं आया. करीब डेढ़ घंटे तक वन कर्मियों ने इसे पकड़ने का प्रयास जारी रखा. इस दौरान सांप पकड़ने वाली हुक स्टिक भी इसका बोझ ना सहन कर सकी.
आखिरकार थक हारकर देहरादून शहर में तमाम सांपों और दूसरे वन्यजीवों को रेस्क्यू करने के लिए तैनात की गई क्विक रिस्पांस टीम टीम को बुलाया गया. वन्य जीव और सांपों को पकड़ने का करीब 23 साल का अनुभव रखने वाले प्रवेश कुमार और अरशद खान मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू का काम शुरू कर दिया. उन्होंने देखा कि यह एक किंग कोबरा था, जो करीब 14 फीट लंबा था और इसी तरह करीब इसका वजन 10 किलो था.
पकड़ने गई वन विभाग की टीम पर किंग कोबरा का अटैक, बाल बाल बचे टीम के लोग, मुश्किल से किया काबू, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा।
घटना देहरादून वन प्रभाग की झाझरा रेंज के भाऊवाला गांव की है। असाधारण लम्बाई वाले खतरनाक सांप को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया था।#KingCobra #Dehradun pic.twitter.com/2Un4XeohqA— Ajit Singh Rathi (@AjitSinghRathi) August 30, 2025
टीम के सदस्यों ने इसे पकड़ना शुरू किया और अगले करीब 10 मिनट में इसका रेस्क्यू कर लिया. इस दौरान रेस्क्यू करते हुए अपनी जान हथेली पर रखे प्रवेश कुमार और अरशद खान ने देखा कि यह सांप काफी लंबा और भारी होने के कारण हुक स्टिक ने नहीं पकड़ा जा सकता, इसीलिए उन्होंने अपने अनुभव के आधार पर वहां मौजूद बैग से इसे ढककर पकड़ लिया.
किंग कोबरा को पकड़ने वाले प्रवेश कुमार और अरशद खान कहते हैं कि कई बार बड़े सांप जो काफी जहरीले होते हैं ,उन्हें हुक स्टिक से नहीं पकड़ा जाता, और इस दौरान कुछ ऐसे तरीके अपनाने पड़ते हैं जो रिस्की तो होते हैं लेकिन कारगर भी हैं. उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्हें सांप का भी ध्यान रखना होता है ताकि उसे किसी तरह का नुकसान ना हो वह कहते हैं कि किंग कोबरा बेहद समझदार होता है और वह जल्दी से किसी इंसान पर हमला नहीं करता. इसके पीछे का कारण यह है कि वह अपने जहर को इंसान पर बर्बाद नहीं करना चाहता और वह अपने शिकार पर ही इसके उपयोग को प्राथमिकता देता है. हालांकि, इंसान के करीब आने पर यह काट सकता है लेकिन ज्यादातर किंग कोबरा इंसानों को डरा कर दूर रखने का ही प्रयास करता है.
वीडियो में जिस तरह प्रवेश कुमार और अरशद खान इस सांप को पकड़ रहे हैं, वह काफी खतरनाक दिखाई देता है. लेकिन प्रवेश कुमार कहते हैं कि उन्हें और उनके साथी अरशद को किंग कोबरा की हर हलचल का पता था और इसी आधार पर उन्होंने इसे झाड़ियां से खींचकर रेस्क्यू करने का प्लान बनाया था. किसी को भी खौफजदा कर देने वाला यह वीडियो बेहद खतरनाक दिख रहा है. हालांकि, प्रवेश कुमार और अरशद कहते हैं कि वह हर सीजन ऐसे ही करीब 6 से 8 बड़े सांप रेस्क्यू करते हैं और उन्हें पूरा अंदाजा रहता है कि किस तरह ऐसे सांपों को काबू करना है.
