9 बच्चो की मां ने पति को कुल्हाड़ी से काटा, वजह जान ठनक जाएगा माथा
फोटो : आईएएनएस
9 बच्चो की मां ने पति को कुल्हाड़ी से काटा, वजह जान ठनक जाएगा माथा
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से चौंकाने वाली खबर सामने आई है. नौ बच्चों की मां (35 वर्षीय महिला) को सोमवार को अपने पति की सोते समय कुल्हाड़ी से हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने बताया कि महिला ने यह कदम छोड़े जाने के डर और पति के कथित विवाहेतर संबंध (एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर) व आए दिन शराब पीकर की जाने वाली मारपीट से तंग आकर उठाया.
भीकनगांव के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) केतन अदलाक ने ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ (TOI) को बताया कि आरोपी महिला रूमली बाई डुडवे को चैनपुर थाना क्षेत्र के बाजार खोदरा चिड़िया गांव में अपने पति इडा डुडवे (50) की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. उसे अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
दंपति के नौ बच्चे हैं, जिनकी उम्र ढाई साल से 16 साल के बीच है जिनमें तीन बेटे और छह बेटियां शामिल हैं. अदलाक ने बताया कि पिता की मौत और मां की गिरफ्तारी के बाद, सभी नौ बच्चों को अस्थायी रूप से मृतक के बड़े भाई और नानी को सौंप दिया गया है.
यह मामला 10 जुलाई को तब सामने आया जब मृतक के भाई भूरू डुडवे ने पुलिस को सूचना दी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने इडा की हत्या कर दी.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दंपति के बीच अक्सर झगड़ा होता था. सघन पूछताछ करने पर रूमली बाई ने कथित तौर पर अपना गुनाह कबूल कर लिया.
SDOP ने कहा, “उसने पुलिस को बताया कि नौ बच्चे होने के बावजूद उसके पति का किसी दूसरी महिला के साथ संबंध था. उसे डर था कि वह उसे और बच्चों को छोड़कर उस दूसरी महिला से शादी कर लेगा. यह विवाद अक्सर हिंसक रूप ले लेता था और इडा कथित तौर पर शराब पीने के बाद उसके साथ मारपीट करता था.”
अदलाक ने बताया कि रूमली ने कथित तौर पर 9 और 10 जुलाई की दरमियानी रात को अपने पति पर कुल्हाड़ी से हमला किया. उसने पति के सिर पर तीन वार किए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. शुरुआत में रूमली ने दावा किया था कि किसी अज्ञात घुसपैठिए ने उसके पति की हत्या की है.
SDOP ने कहा, “पूछताछ के दौरान रूमली ने पुलिस को बताया कि उसने सच इसलिए छिपाया क्योंकि उसे डर था कि अगर उसके पति के परिवार वालों को पता चला कि उसकी मौत के लिए वह जिम्मेदार है, तो वे उसकी जान ले लेंगे.”
