AAP सांसद संजय सिंह का बड़ा आरोप – तिहाड़ में अरविंद केजरीवाल के साथ नहीं होने दी गई पत्नी सुनीता की फेस टू फेस मीटिंग

Sanjay Singh (4)

Photo: X/AAP

The Hindi Post

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बड़ा आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने उनसे जेल में मिलने के लिए आवेदन किया, तो उन्हें बताया गया कि वह उनसे फेस-टू फेस मीटिंग नहीं कर सकती. उन्होंने कहा कि सुनीता केजरीवाल को बताया गया कि वह अरविन्द केजरीवाल से खिड़की के बात कर सकती है. संजय सिंह ने कहा कि तिहाड़ जेल प्रशासन भाजपा के दबाव में काम कर रहा है. AAP सांसद ने कहा कि ऐसा अरविंद केजरीवाल को नीचे दिखाने और उनको हतोत्साहित करने के लिए किया गया.

संजय सिंह ने कहा कि भारत सरकार और देश के प्रधानमंत्री के इशारे पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रताड़ना की कार्रवाई की जा रही है. उनका मनोबल तोड़ने की कार्रवाई हो रही है.

उन्होंने कहा कि जेल में अरविंद केजरीवाल के न्यूनतम अधिकारों को छीनने का प्रयास किया जा रहा है.

संजय सिंह ने आगे कहा, “ऐसा अमानवीय व्यवहार क्यों? यह अमानवीय कृत्य सिर्फ CM को अपमानित और हतोत्साहित करने के लिए किया गया है. मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि खूंखार अपराधियों को भी बैरक में मिलने की इजाजत है, लेकिन दिल्ली के तीन बार के मुख्यमंत्री को अपनी पत्नी से एक खिड़की के जरिए मिलने की अनुमति दी गई.”

सिंह ने कहा कि जब वह और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने तिहाड़ जेल गए तो उन्हें मुलाकात के लिए एक टोकन दिया गया पर बाद में इस मुलाकात को रद्द कर दिया गया और कहा गया कि इतनी शार्ट नोटिस पर CM (अरविंद केजरीवाल) से मुलाकात नहीं हो सकती.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!