इतना मारा कि टूट गईं हड्डियां, आईं गंभीर चोटें….., कश्मीरी शॉल विक्रेता पर उत्तराखंड में जानलेवा हमला

KASHMIRI BOY 2

हमले में गंभीर रूप से घायल शॉल विक्रेता को इलाज मुहैया कराया गया / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

इतना मारा कि टूट गईं कई हड्डियां, आईं गंभीर चोटें….., कश्मीरी शॉल विक्रेता पर उत्तराखंड में जानलेवा हमला

 

श्रीनगर | उत्तराखंड से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां एक कश्मीरी युवक से कथित तौर पर मारपीट की गई है. इससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया है. उसकी कई हड्डियां टूट गई हैं.

घायल युवक कश्मीर का रहने वाला है और अपने परिवार के साथ विकास नगर (उत्तराखंड) में शॉल बेचने आया था. उसकी उम्र 18 साल बताई जा रही है.

जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (JKSA) ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है. स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अनुसार, कुछ लोगों ने कश्मीरी युवक को बेरहमी से पीटा. इस हमले में उसका बायां हाथ टूट गया और सिर में गंभीर चोटें आई. उस पर लोहे की रॉड से हमला किया गया. पहले युवक को पास के अस्पताल ले जाया गया लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे देहरादून के दून अस्पताल रेफर किया गया.

परिजनों का कहना है कि पहले युवक से उसकी पहचान पूछी गई और फिर उस पर हमला किया गया. “जब लोगों को पता चला कि वह मुस्लिम है और कश्मीर से है, तो उसके साथ मारपीट की गई.” बयान में कहा गया कि युवक पर घूंसे बरसाए गए और उसके परिवार के अन्य सदस्यों को नुकीली लोहे की रॉड से निशाना बनाया गया.

जेकेएसए ने कहा कि यह घटना बहुत चिंताजनक है. संगठन के मुताबिक, “18 साल का युवक अपने परिवार का सहारा बनने के लिए शॉल बेच रहा था लेकिन उसे इंसानियत नहीं बल्कि नफरत का सामना करना पड़ा.”

जेकेएसए ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से तुरंत दखल देने, FIR दर्ज करवाने और सभी दोषियों पर कानून के तहत कार्रवाई करने की अपील की है.

IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!