घर में घुसे बदमाश, महिला से किया गैंगरेप फिर साथ ले गए फ्रिज, टीवी और वॉशिंग मशीन…
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू से महिला के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ित महिला अपने एक पुरुष मित्र के घर आई थी जहां उसके साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया.
महिला के बयान के अनुसार, दो लोग घर में जबरन घुसे. उन्होंने पुलिस केस कराने की धमकी दी और फिर गैंगरेप किया. महिला ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि आरोपियों ने उससे पैसों की मांग की और फिर उसने डर के मारे अपने दोस्त के खाते से पैसे निकालकर आरोपियों को ट्रांसफर कर दिए. बाद में यह पैसा एक ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप में भेजा गया.
उनका यह भी आरोप है कि रेप करने वाले घर से दो मोबाइल फोन, एक फ्रिज और एक वॉशिंग मशीन जबरदस्ती अपने साथ ले गए. उन्होंने यह कहकर सामान ले लिया कि यह किसी कर्ज को चुकाने के लिए लिया जा रहा है. घटना के बाद महिला ने परप्पन अग्रहारा थाने में मामला दर्ज कराया.
पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है.
दक्षिण-पूर्व डीसीपी सारा फातिमा ने बताया, “पीड़िता ने शिकायत में गैंगरेप और जबरन वसूली के आरोप लगाए हैं. हमने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है. महिला के आरोपों की पुष्टि करने के लिए सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है.”
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह घटना पूर्व नियोजित थी. साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात के समय महिला का दोस्त कहां था और उसका इस मामले से क्या संबंध है. पुलिस ने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
