दिग्गज रियल एस्टेट कंपनी के मालिक ने खुद को मारी गोली, हुई मौत
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
दिग्गज रियल एस्टेट कंपनी के मालिक ने खुद को मारी गोली, हुई मौत, उनके ऑफिस में चल रही थी इनकम टैक्स की रेड
बेंगलुरु | दिग्गज रियल एस्टेट कंपनी – कॉन्फिडेंट ग्रुप (Confident Group) के संस्थापक और चेयरमैन सी.जे. रॉय ने बेंगलुरु स्थित अपने कार्यालय में कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया.
IT छापेमारी के दौरान हुई घटना
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि रॉय ने कथित तौर खुद को उस समय गोली मारी जब उनके कार्यालय पर आयकर विभाग (Income Tax) की छापेमारी चल रही थी. हालांकि, पुलिस का कहना है कि यह अभी जांच का विषय है.
पुलिस कमिश्नर का बयान
घटनास्थल का दौरा करने के बाद बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने कहा, “अशोकनगर पुलिस स्टेशन में मामला (इस केस के संबंध में) दर्ज कर लिया गया है. प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उद्योगपति सी.जे. रॉय ने खुद को गोली मारी है. शव को एचएसआर लेआउट स्थित नारायण अस्पताल भेजा गया है. एफएसएल (SOCO) टीम, बैलिस्टिक विशेषज्ञ और अन्य अधिकारी मौके पर जांच कर रहे हैं.”

दिग्गज रियल एस्टेट कंपनी – कॉन्फिडेंट ग्रुप (Confident Group) के संस्थापक और चेयरमैन सी.जे. रॉय की फाइल फोटो (आईएएनएस)
तीन दिनों से चल रही थी पूछताछ
पुलिस कमिश्नर ने आगे बताया, “यह घटना दोपहर करीब 3:15 बजे की है. हम आयकर अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं. वे फिलहाल मौके पर मौजूद नहीं हैं. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से यहां (सी.जे. रॉय के ऑफिस) पूछताछ चल रही थी. यह पूछताछ इनकम टैक्स विभाग द्वारा की जा रही थी. आज रॉय से सवाल-जवाब किए गए थे. पूछताछ के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसकी गहन जांच की जाएगी.”
जब पुलिस कमिश्नर से पूछा गया कि क्या आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज होगा, तो उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर ही इस मामले में धाराएं तय की जाएंगी. उन्होंने कहा, “बैलिस्टिक विशेषज्ञ यह पता लगाएंगे कि इस्तेमाल किया गया हथियार (जिससे गोली मारी गई) किसका था और क्या वह लाइसेंसी था. इसकी भी जांच की जा रही है कि गोली चलने के समय क्या आयकर अधिकारी उसी कमरे में मौजूद थे.”
उन्होंने आगे कहा, “आईटी टीम केरल से आई थी. फिलहाल हमारे पास सीमित जानकारी है. इस समय हमारा पूरा ध्यान घटना की जांच और सभी जरूरी तथ्यों को जुटाने पर है.”
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मृतक के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि परिजन फिलहाल देश से बाहर हैं. वे देर रात बेंगलुरु पहुंच सकते है.
उन्होंने कहा, “कंपनी के निदेशक ने इस घटना के संबंध में शिकायत दर्ज कराई है. प्रारंभिक तौर पर यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है. जांच जारी है.”
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रॉय ने पहली मंजिल पर स्थित अपने ऑफिस में खुद को गोली मारी. उन्होंने अपने सीने में गोली मारी जिसके बाद वह मौके पर ही गिर पड़े. जांच में सामने आया है कि घटना के समय वह कमरे में अकेले थे. गोली की आवाज सुनते ही आईटी अधिकारी कमरे में पहुंचे और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.
IANS
कर्नाटक: कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन सीजे रॉय ने ऑफिस में की आत्महत्या, जांच जारी
