कानपुर: पुलिसकर्मियों को चेकिंग के दौरान कार से रौंदने वाले युवक गिरफ्तार, बड़ी जानकारी आई सामने
वायरल सीसीटीवी फुटेज से लिया गया स्क्रीनग्रैब
कानपुर | गंगा बैराज पर चेकिंग के दौरान तीन पुलिसकर्मियों को कार से कुचलने की सनसनीखेज घटना में शामिल दो बीटेक छात्रों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्याम सुंदर 23 और अभिजीत चतुर्वेदी 22 के रूप में हुई है. दोनों कानपुर की एक यूनिवर्सिटी से बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं. पुलिस फरार छात्रों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.
पुलिस जांच में पता चला कि गंगा बैराज में पुलिसवालों को रौंदने से पहले आरोपियों ने ठेके से शराब खरीदी थी. फिर सब ने इसका सेवन किया.
पूछताछ में श्याम सुंदर ने बताया कि वह कार चला रहा था जबकि अभिजीत बगल की सीट पर बैठकर कार का शीशा खोलकर सेल्फी ले रहा था. इसी दौरान ध्यान भटकने के कारण बैरिकेडिंग नजर नहीं आई और कार सीधे पुलिसकर्मियों से टकरा गई.
घटना के बाद आरोपी घबरा गए और पुलिस के डर से मौके से फरार हो गए. हॉस्टल पहुंचने के बाद उन्होंने क्रेन बुक कर क्षतिग्रस्त कार को फजलगंज स्थित हुंडई शोरूम भिजवाया.
जॉइंट पुलिस कमिश्नर आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पांच टीमों का गठन किया गया था. जांच के दौरान अभिजीत की यूपीआई आईडी से शराब खरीदने का भुगतान ट्रेस किया गया जिससे उसकी पहचान सुनिश्चित हुई.
पुलिस ने पहले बिधनू थाना क्षेत्र के कडरी चंपतपुर गांव से अभिजीत को गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर मथुरा निवासी श्याम सुंदर को भी पकड़ लिया गया. पूछताछ में खुलासा हुआ कि उनके साथ बिहार का प्रशांत, चित्रकूट का हिमांशु मिश्रा और एक अन्य युवक भी मौजूद था. सभी आरोपी हॉस्टल में रहकर बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं.
पुलिस के अनुसार घटना में प्रयुक्त ऑरा कार हिमांशु मिश्रा के पिता विष्णु दत्त मिश्रा के नाम पर रजिस्टर्ड है. वारदात के समय कार पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी. वाहन को जब्त कर लिया गया है.
सभी आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि नशे की हालत और पुलिस से बचने की कोशिश में यह गंभीर घटना हुई.
Hindi Post Dot In
