कानपुर के सहायक पुलिस आयुक्त पर IIT कानपुर की छात्रा ने झांसा देकर सेक्स करने का लगाया आरोप, FIR दर्ज
यूपी पुलिस के एक अधिकारी पर आईआईटी कानपुर (IIT-Kanpur) की छात्रा ने झांसा देकर सेक्स करने का गंभीर आरोप लगाया है. यह आरोप कानपुर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मोहसिन खान पर लगा है.
आईआईटी छात्रा की शिकायत पर मोहसिन खान के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. इस मामले की जांच के लिए एडीसीपी ट्रैफिक अर्चना सिंह के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया है.
वही एसीपी मोहसिन खान को तत्काल पुलिस मुख्यालय लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया है.
डीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा – “आईआईटी कानपुर की एक छात्रा ने एसीपी मोहसिन पर झांसा देकर सेक्स करने का आरोप लगाया है. छात्रा से तहरीर प्राप्त कर कल्याणपुर थाने में एफआईआर दर्ज की जा रही है. इस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की जा रही है जिसको एडीसीपी ट्रैफिक अर्चना लीड करेंगी. निष्पक्ष जांच के लिए एसीपी मोहसिन को यूपी पुलिस मुख्यालय (लखनऊ) से अटैच कर दिया गया है.”
कानपुर पुलिस के ACP मोहसिन खान पर #IITK की PHD स्कॉलर से रेप का आरोप। कल्याणपुर थाने में लिखी जा रही FIR, ACP को PHQ लखनऊ से अटैच किया गया। #Kanpur #Rape #UPPolice @NBTLucknow pic.twitter.com/ZzgXpeeXA7
— Praveen Mohta (@MohtaPraveenn) December 12, 2024
इस मामले में आईआईटी कानपुर के डायरेक्टर प्रोफेसर मनिंद्र अग्रवाल का भी बयान सामने आया है. उन्होंने कहा, “जैसा कि अब सर्वविदित है, आईआईटी कानपुर की एक छात्रा ने कानपुर शहर के एक पुलिस अधिकारी पर यौन शोषण का आरोप लगाया है और शिकायत दर्ज कराई है. संस्थान इस कठिन समय में छात्रा को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है. हम शिकायत पर त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस के भी आभारी हैं. हम जांच में उनका (पुलिस) सहयोग कर रहे हैं. हम सभी से अनुरोध करते हैं कि वे छात्रा की निजता का सम्मान करें.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
