कबड्डी प्लेयर का हत्यारोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर, सामने आई बड़ी जानकारी, सिद्धू…..

KABADDI

कबड्डी खिलाड़ी दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की फाइल फोटो / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया)

The Hindi Post

कबड्डी प्लेयर का हत्यारोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर, सामने आई बड़ी जानकारी, सिद्धू…..

 

पंजाब के मोहाली में कबड्डी प्लेयर राणा बलाचौरिया की हत्या के मामले में पुलिस ने गैंगस्टर हरपिंदर उर्फ मिड्डू का एनकाउंटर किया. एनकाउंटर के बाद हरपिंदर सिंह उर्फ मिड्डू गोली लगने घायल हो गया. आनन-फानन में इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बदमाश हरपिंदर सिंह उर्फ मिड्डू तरनतारन का रहने वाला था और घनश्यामपुरिया गैंग से जुड़ा था. घनश्यामपुरिया गैंग बंबीहा गैंग का एसोसिएट गैंग है, जिसने राणा बलाचौरिया की हत्या की जिम्मेदारी ली थी.

मोहाली SSP हरमनदीप हंस ने बताया कि राणा बलाचौरिया हत्याकांड में हैंडलर और पूरी साजिश में लॉजिस्टिक मुहैया करवाने वाला हरपिंदर उर्फ मिड्डू ही था. वारदात के बाद हरपिंदर अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर मोहाली के लालड़ू इलाके में एक खाली जगह पर छिपा हुआ था. बुधवार को मोहाली पुलिस ने उसे घेर लिया और सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी फायरिंग में हरपिंदर को गोली लगी और बाद में उसकी अस्पताल में मौत हो गई. एनकाउंटर के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए.

वहीं राणा बलाचौरिया की हत्या करने वाले दोनों शूटरों की तस्वीरें भी सामने आईं हैं. SSP हरमनदीप सिंह हंस ने हमलावरों के नाम बताते हुए कहा कि दोनों हमलावर अमृतसर के रहने वाले हैं. इनके नाम आदित्य कपूर और करण पाठक हैं. SSP का कहना है कि राणा बालाचौरिया की हत्या कबड्डी में अपना दबदबा कायम करने की साजिश है. उन्होंने यह भी कहा कि इस हत्या का सिद्धू मूसेवाला मामले से कोई संबंध नहीं है.

 बता दें कि बंबीहा गिरोह और उसके सहयोगी गिरोहों ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी. एक पोस्ट में डोनी बाल, शगुन प्रीत, रंधावा, अमर ख्वा, प्रभ दासुवाल और कौशल चौधरी ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली. उन्होंने कहा कि राणा बालाचौरिया ने सिद्धू मूसेवाला के हत्यारों के लिए रहने का इंतजाम किया था. हालांकि, पुलिस ने इस बात से पूरी तरह इनकार किया है और कहा कि यह घटना कबड्डी जगत में दबदबा कायम करने के लिए रची गई है. पुलिस ने यह भी कहा कि राणा बलाचौरिया का नाम किसी भी अपराध में कभी सामने नहीं आया है.

वहीं इस मर्डर केस में एक अन्य आरोपी को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है. आरोपी ऐशदीप मॉस्को से हत्या करवाने के इरादे से आया था और मस्कट के लिए उड़ान भरते समय दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पकड़ा गया. दूसरा आरोपी अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र से है. इसका नाम जुगराज सिंह है, जो इस साजिश का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है और डोनी बल गैंग का सक्रिय सदस्य है.

डोनी बल गैंग, लॉरेंस और जग्गू भगवानपुरिया गैंग की विरोधी गैंग है. राणा बलाचौरिया पर लॉरेंस और जग्गू भगवानपुरिया के करीबी होने का आरोप है. कुल मिलाकर इस मामले में 5 आरोपी हैं, जिनमें से दो शूटरों सहित तीन अन्य हैं. इनमें से एक को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया है, जबकि एक को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है. दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़े गए शख्स ऐशदीप की निशानदेही पर ही आरोपी हरपिंदर सिंह उर्फ मिड्डू का क्लू मिला था, जिसे पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है.


The Hindi Post
error: Content is protected !!