महिला क्रिकेटर और उसके भाई को सेक्सटॉर्शन रैकेट चलाने के आरोप में पुलिस ने किया गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
महिला क्रिकेटर और उसके भाई को सेक्सटॉर्शन रैकेट चलाने के आरोप में पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुंबई | मुंबई क्राइम ब्रांच ने जम्मू-कश्मीर टी-20 लीग से जुड़ी एक महिला क्रिकेटर और उसके भाई को गिरफ्तार किया है. दोनों को दिल्ली के एक होटल से पकड़ा गया है. इसके बाद इनके सहयोगी उद्दीन इम्तियाज वानी (22) को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से गिरफ्तार किया गया. इनके अलावा दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है. इनकी पहचान फरखंदा खान (30) और उसके भाई बाजिल खान (27) के रूप में हुई है.
क्राइम ब्रांच के अनुसार, शिकायतकर्ता मुंबई के कोलाबा का रहने वाला 28 वर्षीय व्यवसायी है. वर्ष 2024 में उसकी मुलाकात फरखंदा खान से हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच परिचय बढ़ा. फरखंदा ने कथित तौर पर व्यवसायी से आपत्तिजनक बातचीत शुरू कर दी. बाद में फरखंदा ने उसे अपने दोस्तों उद्दीन इम्तियाज वानी और बाजिल खान से मिलवाया.
पुलिस के मुताबिक, 2024 में फरखंदा ने आर्थिक जरूरत का हवाला देते हुए शिकायतकर्ता से पैसों की मांग की. जब उसने पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने उनकी निजी चैट सार्वजनिक करने की धमकी दी. दबाव में आकर शिकायतकर्ता ने 30 अप्रैल 2024 से 13 जनवरी 2026 के बीच 32 बैंक लेनदेन के जरिए कुल ₹23.61 लाख फरखंदा के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए.
जांच में सामने आया कि इस रकम का बड़ा हिस्सा उद्दीन इम्तियाज वानी के खाते में भेजा गया. इसके अलावा कुछ धनराशि फरखंदा के पिता अब्दुल अजीज खान के खाते में भी ट्रांसफर की गई.
आरोप है कि वानी और बाजिल खान ने भी शिकायतकर्ता को धमकाया कि उनके पास उसकी और फरखंदा के बीच हुई चैट के स्क्रीनशॉट हैं. वे उसे (व्यवसायी को) गंभीर परिणाम भुगतने यहां तक कि जेल भेजने की धमकी देते थे. इन धमकियों के कारण शिकायतकर्ता ने जनवरी 2026 में आरोपियों को अतिरिक्त ₹40 लाख ट्रांसफर किए.
जांच में यह भी पता चला कि इस मामले में पहला लेनदेन अप्रैल 2024 में ₹20,000 का था. आरोपी फरखंदा दिल्ली-एनसीआर के अंकुर विहार की निवासी है, उद्दीन वानी जम्मू-कश्मीर के खलापुर का रहने वाला है जबकि बाजिल खान जम्मू-कश्मीर के नूरखाव गांव का निवासी है. शिकायत के आधार पर वेस्ट रीजन साइबर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 308(2), 308(6), 351(2), 351(3) और आईटी एक्ट की धाराओं 61(2) व 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
By IANS
जम्मू-कश्मीर की महिला क्रिकेटर और उसके दो सहयोगी सेक्सटॉर्शन व जबरन वसूली में गिरफ्तार
