नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में तनाव
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में तनाव, BIG NEWS
चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को अनुसूचित जाति की एक नाबालिग के अपहरण एवं दुष्कर्म के आरोपित युवक की ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी।
इस दौरान युवक के माता-पिता के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गए। नाबालिग और आरोपित युवक अलग-अलग समुदायों से होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। एहतियात के तौर पर पुलिस गांव में कैंप कर रही है। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।
उन्होंने कहा कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग के पिता के बयान पर आरोपित युवक के विरुद्ध अपहरण एवं दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मृतक युवक के पिता ने अभी तक हत्या के संबंध में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जाएगा।
प्राथमिकी के अनुसार, नाबालिग सोमवार रात शौच के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान सुल्तान अंसारी के पुत्र इमरोज अंसारी पर उसका अपहरण कर दुष्कर्म करने का आरोप है। मंगलवार सुबह किसी तरह नाबालिग आरोपित के चंगुल से निकलकर घर पहुंची और स्वजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। आरोप है कि उन्होंने इमरोज अंसारी को घर से बाहर निकालकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान उसके माता-पिता के साथ भी मारपीट की गई तथा उनके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए गए। सूचना मिलने पर टंडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ के कारण हालात पर तत्काल काबू नहीं पाया जा सका।
बाद में पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ से छुड़ाया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, टंडवा ले गए। स्थिति को देखते हुए उसे हजारीबाग रेफर कर दिया गया। हालांकि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
इधर, स्थानीय स्तर पर कुछ लोग इस घटना को प्रेम-प्रसंग से भी जोड़ रहे हैं। उनका दावा है कि दोनों के बीच पहले से परिचय था और युवक को नाबालिग के घर से बाहर निकालकर उसकी पिटाई की गई। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
गांव में तनाव, पुलिस कर रही कैंप
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने तत्काल टंडवा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर कैंप करने का निर्देश दिया।
फिलहाल पुलिस गांव में लगातार गश्त कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पूरे थाना क्षेत्र में गश्ती तेज कर दिया गया है। संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
पुलिस की मौजूदगी में भीड़ ने युवक को पीटा
घटना के दौरान पुलिस की मौजूदगी में ही उग्र भीड़ ने आरोपित युवक को घसीटकर बेरहमी से पीट दिया। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को रोकने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ के आक्रोश के सामने वे असहाय नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक को सड़क पर घसीटते हुए लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटा गया।
पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ से छुड़ाकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के विरुद्ध हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
