अमित शाह का फर्जी वीडियो शेयर करने के मामले में X ने झारखंड कांग्रेस पर की यह कार्रवाई

Congress (2) (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

रांची | सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ ने झारखंड कांग्रेस के अकाउंट पर रोक लगा दी है. बताया जा रहा है कि इस हैंडल से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाषण का एडिटेड फर्जी वीडियो अपलोड और शेयर करने की शिकायत पर कार्रवाई की गई है.

इस हैंडल पर X की ओर से लिखा गया है, “एक कानूनी मांग के प्रत्युत्तर में अकाउंट पर रोक लगाई गई है.”

इसी मामले में दिल्ली पुलिस ने झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर को तलब किया है. उन्हें सीआरपीसी की धारा 160/91 के तहत भेजे गए समन में 2 मई की सुबह 10.30 बजे दिल्ली पुलिस के जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने को कहा गया है.

राजेश ठाकुर को अपना मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट या किसी अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को साथ लाने को कहा गया है, जिसका कथित इस्तेमाल ‘X’ पर फर्जी वीडियो शेयर करने में किया गया हो सकता है.

भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भी केंद्रीय गृह मंत्री के फर्जी वीडियो शेयर करने के मामले में रांची के अरगोड़ा थाने में दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है. जिन लोगों को नामजद किया गया है, उनमें शैलेंद्र हाजरा और रूपेश रजक शामिल हैं. यह FIR भाजपा जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यालय मंत्री संजय कुमार महतो के आवेदन पर दर्ज हुई है.

भाजपा कार्यकर्ताओं ने वीडियो की एक कॉपी पेन ड्राइव के माध्यम से पुलिस को उपलब्ध करवाई है. भाजपा कार्यकर्ताओं के अनुसार, आरक्षण जैसे मुद्दे पर अमित शाह ने कभी नहीं कहा कि इसको खत्म कर दिया जाएगा. फेक वीडियो न सिर्फ अमित शाह की व्यक्तिगत मानहानि है बल्कि यह देश के सामने गलत तथ्य रखने का प्रयास भी है.

आईएएनएस

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!