बाइक पर आए नकाबपोश बदमाश, नाम पूछा और फिर….., बीजेपी नेता की सरेआम हत्या से मची अफरा-तफरी, चीखकर भागने लगीं महिलाएं…..

JAMSHEDPUR2

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)

The Hindi Post

बाइक पर आए नकाबपोश बदमाश, नाम पूछा और फिर….., बीजेपी नेता की सरेआम हत्या से मची अफरा-तफरी, चीखकर भागने लगीं महिलाएं…..

 

जमशेदपुर | पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत गालुडीह थाना क्षेत्र में सोमवार रात अपराधियों ने प्रज्ञा केंद्र संचालक सह भाजपा नेता 40 वर्षीय तारापद महतो की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात उलदा पंचायत के खड़िया कॉलोनी बस स्टैंड के समीप स्थित प्रज्ञा केंद्र में हुई.

इस वारदात को लेकर स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हैं. पुतरू गांव निवासी तारापद महतो पिछले करीब दो वर्षों से खड़िया कॉलोनी में सीएससी (प्रज्ञा) केंद्र का संचालन कर रहे थे. सोमवार को झारखंड के क्षेत्रीय त्योहार टुसू के कारण केंद्र में दिनभर चहल-पहल रही. रात करीब आठ बजे तक बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं ऑनलाइन पैसे की निकासी और अन्य डिजिटल सेवाओं के लिए केंद्र पर मौजूद थीं.

प्रज्ञा केंद्र संचालक सह भाजपा नेता तारापद महतो की फाइल फोटो / (क्रेडिट : आईएएनएस

इसी दौरान बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों अपराधी सीधे केंद्र के अंदर गए और तारापद महतो से उनका नाम-पता पूछा. जैसे ही पुष्टि हुई कि वही तारापद महतो हैं, अपराधियों ने पिस्तौल निकालकर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. दो गोलियां लगते ही तारापद महतो लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े.

अचानक हुई गोलीबारी से केंद्र में मौजूद महिलाओं और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक से टाटा की ओर फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए तारापद महतो को अस्पताल ले जाने की तैयारी की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही गालुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी.

बताया जाता है कि तारापद महतो के गांव में जमीन को लेकर कई वर्षों से विवाद चल रहा था. इस विवाद को लेकर पूर्व में भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं. पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है. वह उलदा पंचायत की उपमुखिया आशारानी महतो के पति थे. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!