रिश्तों का कत्ल : अपनी ही मां की कातिल बनी 23 वर्षीय बेटी, हुआ झकझोर देने वाला खुलासा, प्रॉपर्टी और इस लालच के चलते दिया वारदात को अंजाम
सांकेतिक तस्वीर
रिश्तों का कत्ल : अपनी ही मां की कातिल बनी 23 वर्षीय बेटी, हुआ झकझोर देने वाला खुलासा, प्रॉपर्टी और इस लालच के चलते दिया वारदात को अंजाम
सरकारी नौकरी और संपत्ति हड़पने के लिए एक बेटी द्वारा अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कराने का सनसनीखेज मामला जयपुर से सामने आया है. पुलिस ने इस सुनियोजित हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी बेटी समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक मुख्य साजिशकर्ता अभी भी फरार है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह खौफनाक वारदात 3 जुलाई को शाम करीब 4:45 बजे हुई. अदालत में लोअर डिवीजन क्लर्क (एलडीसी) के पद पर कार्यरत नीरज शर्मा (45) अपने बेटे को कोचिंग छोड़कर लौट रही थीं. तभी 130 किमी/घंटे की रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि नीरज करीब 100 फीट दूर जा गिरीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. शुरुआती जांच में इसे सड़क हादसा माना जा रहा था लेकिन सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस को पता चला कि यह एक पूर्व-नियोजित मर्डर था.
7 लाख की सुपारी और लाइव ट्रैकिंग
डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने मीडिया को बताया, करीब एक साल पहले नीरज के पति की मौत के बाद उन्हें अनुकंपा के आधार पर यह नौकरी मिली थी. पुलिस ने कहा कि उनकी बेटी आयुषी शर्मा खुद यह नौकरी पाना चाहती थी और पिछले दो-तीन सालों से उसका मां के साथ संपत्ति विवाद भी चल रहा था. नौकरी और संपत्ति दोनों हासिल करने के लिए आयुषी ने अपने फूफा मोहन स्वरूप और चचेरे भाई बलराम उर्फ रवि के साथ कथित तौर पर मिलकर मां की हत्या की साजिश रची और भरतपुर के हेमंत शर्मा को 7 लाख रुपये की सुपारी दी.
पुलिस ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने करीब एक महीने तक नीरज की रेकी की. हत्या के दिन मोहित शर्मा मृतका की लाइव लोकेशन ट्रैक कर रहा था, जबकि रोहित जाटव मोटरसाइकिल से निगरानी रख रहा था. वारदात के वक्त आकाश शर्मा स्कॉर्पियो चला रहा था और अरविंद शर्मा उसके साथ बैठा था. घटना के बाद आरोपी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए.
मृतका के भाई राकेश कुमार शर्मा ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस को बताया कि नीरज ने उन्हें सूचित किया था कि उनकी बेटी, ससुराल के सदस्य और उनके जेठ का बेटा संपत्ति को लेकर उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहे थे. नीरज को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं.
पूछताछ में आरोपी बेटी आयुषी ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस ने आयुषी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और फरार मुख्य साजिशकर्ता बलराम उर्फ रवि की तलाश जारी है.
Hindi Post Dot In
