मां की हत्या करने वाली आयुषी ली थी पिता की भी जान ? मामा ने किया दिमाग सुन्न कर देने वाला खुलासा…

jaipur niraj sharma murder (1)
The Hindi Post

मां की हत्या करने वाली आयुषी ली थी पिता की भी जान ? मामा ने किया दिमाग सुन्न कर देने वाला खुलासा…

 

जयपुर के सनसनीखेज नीरज शर्मा हत्याकांड में हर दिन चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. 45 वर्षीय नीरज शर्मा की हत्या के इस मामले में अब एक नया और बेहद गंभीर मोड़ आ गया है. मां का कत्ल कराने के आरोप में गिरफ्तार बेटी आयुषी पर अब अपने पिता विजय शर्मा की भी हत्या करने का संगीन आरोप लगा है. इस सिलसिले में आयुषी के मामा राकेश शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस अब इस आरोप की गहन छानबीन करेगी.

इलाज के बहाने पिता को ले गई थी दूर

राकेश शर्मा के मुताबिक, राजस्थान हाई कोर्ट में कोर्ट मास्टर के पद पर रहे विजय शर्मा लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे. अप्रैल 2025 में जब उनकी तबीयत बिगड़ी तब आयुषी ही उनके साथ मौजूद थी. राकेश शर्मा का आरोप है कि इलाज के बाद जब उनकी सेहत में कुछ सुधार हुआ तो आयुषी और उसका चचेरा भाई बलराम बेहतर इलाज का बहाना बनाकर उन्हें अपने साथ ले गए. इसके बाद करीब तीन महीने तक दोनों ने विजय शर्मा को परिवार की नजरों से दूर किसी अज्ञात जगह पर छिपाकर रखा.

अंग फेल होने से हुई मौत, जल्दबाजी में किया अंतिम संस्कार

राकेश शर्मा ने मीडिया को बताया कि महीनों की खामोशी के बाद एक दिन अचानक आयुषी का मैसेज आया जिसमें उसने बताया कि उसके पिता एक निजी अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती हैं. जब परिवार के लोग घबराकर अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने बताया कि विजय शर्मा के 90 प्रतिशत अंग (ऑर्गन) फेल हो चुके हैं. इसके बाद उन्हें घर लाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया. मामा का आरोप है कि उनकी बहन के परिवार ने बेहद जल्दबाजी में पैतृक गांव ले जाकर विजय शर्मा का अंतिम संस्कार कर दिया जिससे शक और गहरा गया.

मौत के तुरंत बाद अनुकंपा नौकरी और संपत्ति पर नजर

शिकायत के अनुसार, पिता की मौत के फौरन बाद ही आयुषी ने अनुकंपा के आधार पर मिलने वाली सरकारी नौकरी और पिता की संपत्ति को अपने नाम कराने के लिए जोड़-तोड़ शुरू कर दी थी. मौत के तुरंत बाद नौकरी की बात करने पर ही परिवार को उस पर गहरा संदेह होने लगा था. राकेश शर्मा का दावा है कि आयुषी खुद अकेले यह सब नहीं कर रही थी बल्कि उसका चचेरा भाई बलराम ही उसे यह सारी साजिशें रचना सिखा रहा था.

मां को दी थी धमकी— ‘पिता को पाइप निकालकर मार दिया, तुम क्या हो’

राकेश शर्मा ने एक और दहला देने वाला दावा करते हुए बताया कि आयुषी ने अपनी मां नीरज शर्मा को भी जान से मारने की धमकी दी थी. मां के साथ हुए एक विवाद के दौरान आयुषी ने गुस्से में कहा था, “जब मैंने पिता की खाने की पाइप (फूड पाइप) निकालकर उन्हें मार दिया, तो तुम क्या हो, तुम्हें भी दो दिन के अंदर खत्म कर दूंगी.” राकेश शर्मा के मुताबिक, इस धमकी से डरकर ही नीरज शर्मा ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा था कि उनकी जिंदगी अब सिर्फ दो दिन की ही बची है.

अकेलेपन, नफरत और लालच का खूनी खेल

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस दोहरे हत्याकांड में कई ऐसे पेचीदा एंगल सामने आ रहे हैं जिनकी हर पहलू से जांच की जा रही है. हालांकि, अब तक की पड़ताल से साफ है कि इस जघन्य वारदात के पीछे अकेलापन, परिवार के प्रति नफरत, अनुकंपा नौकरी पाने का लालच और करोड़ों की प्रॉपर्टी हथियाने का अंधा जुनून ही सबसे मुख्य वजहें थीं.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!