फैशन-शो के दौरान गिरा लोहे का खंभा, मॉडल वंशिका चोपड़ा की मौत, एक अन्य घायल
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
नोएडा | नोएडा फिल्म सिटी सेक्टर 16ए के लक्ष्मी स्टूडियो में रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक बड़ा हादसा हो गया. यहां एक फैशन शो हो रहा था. इस दौरान, लाइटिंग ट्रस्ट (लोहे का जालनुमा खंभा) गिरने से एक मॉडल की मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया.
मृतका का नाम वंशिका चोपड़ा (24) है. वह कोतवाली बिसरख क्षेत्र के गौर सिटी-2 में रहती थी. जबकि घायल युवक की पहचान आगरा के रहने वाले बॉबी राज के रूप में हुई है.
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर सूचना मिली कि फिल्म सिटी स्थित लक्ष्मी स्टूडियो में फैशन शो के दौरान हादसा हो गया है जिसमें भाग लेने आई एक मॉडल की मौत हो गई है. साथ ही एक युवक भी घायल हो गया है.
जांच करने पर पता चला कि आयोजन के दौरान लाइटिंग ट्रस्ट वंशिका और बॉबी राज के ऊपर गिर गया. मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने वंशिका को मृत घोषित कर दिया, जबकि बॉबी राज का इलाज चल रहा है.
पुलिस के मुताबिक, वंशिका की मौत की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पुलिस फैशन शो के आयोजक और लाइटिंग ट्रस्ट लगाने वाले से पूछताछ कर रही है. पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम के संबंध में पुलिस से कोई अनुमति नहीं ली गई थी. अभी तक परिजनों की तरफ से कोई शिकायत नहीं दी गई है. शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा.
आईएएनएस
