मासूम के मुंह में पटाखा फटने से दर्दनाक हादसा, हुई मौत, चेहरे के उड़ गए चीथड़े, टूटकर लटक गई जबड़े की हड्डी
सांकेतिक तस्वीर (Meta AI)
मासूम के मुंह में पटाखा फटने से दर्दनाक हादसा, हुई मौत, चेहरे के उड़ गए चीथड़े, टूटकर लटक गई जबड़े की हड्डी
बांदा | उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में दशहरा पर्व की खुशियां एक परिवार के लिए तब मातम में बदल गईं जब उनके बच्चे की मौत हो गई. दरअसल, सड़क किनारे एक पटाखे के फटने से 6 वर्षीय मासूम की मौत हो गई जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया.
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में यह दिल दहला देने वाला हादसा उस समय हुआ जब दोनों भाई देवी विसर्जन के बाद घर लौट रहे थे. घटना बांदा नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ोखर खुर्द गांव की है.
जानकारी के मुताबिक, 9 वर्षीय सूरज और उसका 6 वर्षीय छोटा भाई आकाश, देवी विसर्जन के बाद सड़क किनारे पड़े पटाखों के साथ खेल रहे थे. खेल-खेल में आकाश ने एक पटाखा उठा लिया. अचानक पटाखे में जोरदार विस्फोट हुआ जिससे आकाश का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस हादसे में सूरज को भी गंभीर चोटें आईं.
आकाश की हालत सबसे गंभीर थी. उसके दोनों होंठ फट गए थे. निचली जबड़े की हड्डी टूट गई थी और कई दांत टूटकर गिर गए थे. उसका चेहरा इतना जख्मी था कि पहचानना मुश्किल हो रहा था. वहीं, बड़े भाई सूरज की आंख में भी पटाखे के टुकड़े लगे थे.
हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया. परिजनों ने तत्काल दोनों बच्चों को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचाया. चिकित्सकों ने आकाश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे कानपुर रेफर किया लेकिन परिजन कानपुर ले जाने की व्यवस्था कर पाते उससे पहले ही आकाश ने दम तोड़ दिया. वहीं, सूरज को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आकाश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा.
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सड़क पर पटाखे कहां से आए. इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है और हर तरफ शोक की लहर छा गई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांववासी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं.
IANS/Hindi Post Web Desk
