इंडिगो विमान के उड़ान भरते ही इंजन में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित

Fire Indigo Flight (1)
The Hindi Post

बेंगलुरु जा रहे इंडिगो के विमान के एक इंजन में आग लगने के बाद दिल्ली हवाईअड्डे पर ही उसे उड़ान भरने से रोक दिया गया. इस विमान में 177 यात्री और चालक दल के 7 सदस्य सवार थे. इंडिगो एयरलाइन्स ने बयान जारी करके इस घटना को एक तकनीकी खराबी बताया है.

अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली से बेंगलुरु जा रहे इंडिगो विमान 6E-2131 का टेक ऑफ रद्द कर दिया गया है और इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया.

इंडिगो ने बयान में कहा, “विमान 6E-2131 (दिल्ली-बैंगलोर) ने टेक-ऑफ रोल के दौरान एक तकनीकी समस्या का अनुभव किया जिसके तुरंत बाद पायलट ने टेक-ऑफ को रोक दिया और विमान वापस लौट आया. सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं और एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है.”

कुछ लोगों ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. प्रियंका कुमार नाम की एक ट्विटर यूजर ने घटना का वीडियो पोस्ट किया है जिसमें देखा जा सकता है कि विमान के एक तरफ आग लगी है और साथ ही चिंगारी निकलती दिख रही है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क


The Hindi Post
error: Content is protected !!