भारत बनाम पाकिस्तान: सचिन तेंदुलकर ने शोएब अख्तर को दिया करारा जवाब, वीरेंद्र सहवाग के जवाब से आपकी हंसी नहीं रुकेगी

Shoaib Akhtar (1)
The Hindi Post

टीम इंडिया ने शनिवार को एकतरफा मुकाबले में पाकिस्तान को सात विकेट से हरा दिया. पाकिस्तान की पूरी टीम 191 रनों पर ही सिमट गई. जवाब में भारत ने इस आसान टारगेट को 31वें ओवर में हासिल कर लिया.

इस जीत से भारतीय क्रिकेट फैंस गदगद है. पूर्व क्रिकेटर्स भी फूले नहीं समा रहे है.

भारत की जीत के बाद सचिन ने पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर को भी करारा जवाब दिया है.

दरअसल मैच से एक दिन पहले शोएब अख्तर ने भारत और पाकिस्तान के बीच साल 1999 में हुई एशियन टेस्ट चैम्पियनशिप के एक मुकाबले की तस्वीर X (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर की थी.

तस्वीर में शोएब अख्तर सचिन तेंदुलकर के विकेट का जश्न मनाते हुए दिखाई दे रहे थे. सचिन तब शून्य पर आउट हो गए थे. यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया था. शोएब अख्तर ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, ‘कल अगर ऐसा कुछ करना है तो ठंड रख.’

सचिन ने भारतीय टीम की जीत के बाद शोएब अख्तर को जवाब देते हुए कहा, ‘मेरे दोस्त, आप की सलाह मानी और सब कुछ बिल्कुल ठंडा रखा.’

भारत की जीत और सचिन के इस ट्वीट के बाद शोएब अख्तर बैकफुट पर आ गए. शोएब ने सचिन को जवाब दिया, ‘मेरे दोस्त, आप इस खेल की शोभा बढ़ाने वाले सर्वकालिक महान खिलाड़ी और इसके सबसे बड़े ब्रैंड एम्बेसडर हैं. हमारा दोस्ताना मजाक निश्चित रूप से नहीं बदलेगा.’

टीम इंडिया के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने भी पाकिस्तानी बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन पर तंज कसा. सहवाग ने लिखा, ‘हमारी मेहमाननवाजी की बात ही अलग है. सारे पाकिस्तानी प्लेयर्स को बैटिंग मिली. सबका ख्याल रखा जाता है.’

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क


The Hindi Post
error: Content is protected !!