भीषण गर्मी के बीच भारी बारिश का अलर्ट, इन शहरों में बरसेंगे बादल……

Rains IANS 22334455 (1) (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

भीषण गर्मी के बीच भारी बारिश का अलर्ट, इन शहरों में बरसेंगे बादल……

 

उत्तर भारत जहां इस समय भीषण गर्मी और जानलेवा लू (हीटवेव) की चपेट में है, वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का दौर शुरू होने वाला है. मौसम विभाग (IMD) ने देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए मौसम का ताजा पूर्वानुमान जारी किया है.

उत्तर और मध्य भारत: थमेगा नहीं गर्मी का सितम

उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और बिहार जैसे राज्यों में पारा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि इस पूरे सप्ताह उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के राज्यों में भीषण हीटवेव (तीव्र लू) की स्थिति बनी रहेगी. हालांकि, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 19 से 25 मई के बीच तेज सतही हवाएं (धूलभरी आंधियां) चलने की संभावना है, जिससे तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देख जा सकता है. पहाड़ी क्षेत्रों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मई के इस हफ्ते छिटपुट जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की उम्मीद है.

मॉनसून पर बड़ा अपडेट: 26 मई को केरल में दस्तक

भीषण गर्मी के बीच एक राहत भरी खबर भी है. दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. अगले 3-4 दिनों के भीतर इसके दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम व दक्षिण-पूर्वी हिस्सों और अंडमान सागर के बचे हुए भागों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून 26 मई को केरल के तट पर दस्तक दे सकता है.

दक्षिण भारत: गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट

मॉनसून की आहट के साथ ही दक्षिण भारत के राज्यों में कल से अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, केरल और तमिलनाडु में 25 मई तक मूसलाधार बारिश होने की आशंका है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली कड़कने और आंधी आने की भी चेतावनी दी गई है.

पूर्वोत्तर भारत: व्यापक वर्षा और बाढ़ जैसी स्थिति की आशंका

पूर्वोत्तर के राज्यों में 21 मई तक हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है, लेकिन 22 से 25 मई के बीच यह व्यापक रूप ले लेगी. असम और मेघालय में 21 से 25 मई के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, अरुणाचल प्रदेश में भी 23 और 24 मई को मूसलाधार बारिश का अनुमान जताया गया है.

पूर्वी भारत: आंधी-तूफान के साथ बदल रहा है मौसम

पूर्वी भारत के लिए मौसम विभाग का कहना है कि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा, बिहार, झारखंड, ओडिशा और गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में भी 25 मई तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा. इन राज्यों में अलग-अलग दिनों पर तेज आंधी-तूफान आने और छिटपुट बारिश होने से लोगों को चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!