हैदराबाद के बिजनेसमैन ने खरीदी देश की सबसे महंगी सुपरकार, देखें PHOTO और VIDEO
Credit: Instagram/Naseer Khan
हैदराबाद | हैदराबाद के एक बिजनेसमैन ने भारत की सबसे महंगी सुपरकार – मैकलेरन 765 एलटी स्पाइडर (McLaren 765 LT Spider) खरीदी है. इस सुपरकार की कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इस बिजनेसमैन का नाम नसीर खान है.
Cartoq.com की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि नसीर खान को हाल ही में ताज फलकनुमा पैलेस में सुपरकार की डिलीवरी दी गई. रिपोर्ट के मुताबिक, वह भारत में इस कार को खरीदने वाले संभवत: पहले कस्टमर हैं.
ब्रिटिश लग्जरी सुपरकार मेकर – मैकलेरन ऑटोमोटिव ने पिछले साल नवंबर में भारतीय बाजार में एंट्री की थी. मैकलेरन ऑटोमोटिव की 765 एलटी स्पाइडर सुपरकार जिसकी कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये है वो सबसे महंगी है.
उद्यमी और कार संग्राहक नसीर खान ने इंस्टाग्राम पर अपनी बेशकीमती कार की तस्वीरें साझा कीं. उन्होंने कार की फोटो दाल कर कैप्शन में लिखा, “घर में आपका स्वागत है मैकलेरन 765 एलटी स्पाइडर.”
रिपोर्ट के अनुसार, 765 एलटी स्पाइडर, मैकलेरन द्वारा निर्मित अब तक की सबसे तेज कन्वर्टिबल कारों में से एक है. इस कार की सबसे खास बात यह है कि इसकी छत सिर्फ 11 सेकंड में ही अनफोल्ड हो जाती है. इस कार में 4.0 लीटर ट्विन टर्बोचार्जड V8 पेट्रोल इंजन है और कार की इंजन 765 Ps पावर जेनरेट करती है. इस कार का पीक टॉर्क 800 Nm है.
इस सुपरकार के बॉडी वर्क के लिए कार्बन फाइबर का उपयोग किया गया है. इस सुपरकार में अधिक आक्रामक फ्रंट बम्पर, स्पिल्टर, साइड स्कर्ट और एक रैपराउंड रियर बम्पर मिलता है.
नसीर खान अपने लग्जरी कारों के कलेक्शन के लिए जाने जाते हैं.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
