साल की कैसे करें शुरूआत ? प्रेमानंद महाराज जी ने चार बिंदुओं में दी बेहद कीमती सीख
साल की कैसे करें शुरूआत ? प्रेमानंद महाराज जी ने चार बिंदुओं में दी बेहद कीमती सीख
नया साल शुरू हो चुका है. मान्यता है कि साल की पहली सुबह जैसी होती है वैसा ही पूरा साल गुजरता है. लेकिन केवल इच्छाएं करना काफी नहीं होता—साल को शुभ और सफल बनाने के लिए सोच, व्यवहार और कर्मों को भी सही दिशा देनी होती है. इसी विषय पर प्रेमानंद जी महाराज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है. इसमें वह नए साल की शुरुआत के सरल और प्रभावी तरीके बता रहे हैं.
भक्त का सवाल—महाराज का जवाब
वीडियो में एक भक्त पूछता है कि नए साल का उत्सव कैसे मनाना चाहिए. इसके जवाब में महाराज कहते हैं कि साल की शुरुआत दिखावे, शोर-शराबे या भोग-विलास से नहीं, बल्कि सेवा, संयम और अच्छे संस्कारों से होनी चाहिए.
पहला काम: सेवा से करें शुरुआत
महाराज के अनुसार, नए साल के पहले दिन सुबह गाय को चारा खिलाना और पक्षियों को दाना डालना बहुत शुभ होता है. इससे करुणा का भाव बढ़ता है, मन शांत रहता है और पुण्य की प्राप्ति होती है.
दूसरा काम: परिवार को समय दें
परिवार के साथ बैठकर सात्विक और शुद्ध भोजन करने की सलाह प्रेमानंद जी महाराज देते हैं. यह स्वास्थ्य के साथ-साथ आपसी प्रेम और एकता को मजबूत करता है. संभव हो तो जरूरतमंदों को भोजन कराना चाहिए—दान से पूरे वर्ष बरकत बनी रहती है.
तीसरा काम: नशे से दूरी
महाराज साफ कहते हैं कि नए साल की शुरुआत किसी भी नशीले पदार्थ से नहीं करनी चाहिए. संयम जीवन की सही दिशा तय करता है, जबकि नशा व्यक्ति को मार्ग से भटका देता है.
चौथा काम: दीपक और संकल्प
घर में घी का दीपक जलाने, भगवान के नाम का स्मरण/कीर्तन करने और पूरे साल गलत कर्मों से दूर रहने का संकल्प लेने को कहते हैं प्रेमानंद जी महाराज. ऐसे छोटे, लेकिन सार्थक कदम नए साल को वास्तव में शुभ और सफल बनाते हैं.
Hindi Post Dot In
