कैसे क्रैश हुआ अजित पवार का चार्टर्ड प्लेन? जांच में बेहद अहम साबित होने वाली हैं ये बातें……

AJIT PAWAR PLANE CRASH

हादसे के बाद प्लेन का मलवा चारों तरफ बिखरा नजर आया / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

कैसे क्रैश हुआ अजित पवार का चार्टर्ड प्लेन? जांच में बेहद अहम साबित होने वाली हैं ये बातें……

 

पुणे | महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बारामती (महाराष्ट्र) में एक भीषण विमान दुर्घटना में निधन हो गया है. यह पूरे राज्य और राजनीतिक जगत के लिए चौंकाने वाली और बेहद दुखद खबर है. डीजीसीए ने पुष्टि की है कि विमान में सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में अजित पवार, उनके सुरक्षा गार्ड और विमान के चालक दल के सदस्य शामिल है.

जानकारी के अनुसार, अजित पवार मुंबई से बारामती के लिए निजी विमान (लीयर जेट 45) से रवाना हुए थे और आगामी जिला परिषद चुनावों के मद्देनजर बारामती में चार जनसभाओं में भाग लेने वाले थे. हादसा सुबह करीब 8:45 बजे बारामती हवाई अड्डे के रनवे पर विमान के उतरते समय हुआ.

शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी आ गई थी जिस कारण पायलट विमान पर से नियंत्रण खो बैठे और वह रनवे के किनारे से टकरा गया. टकराने के तुरंत बाद उसमें आग लग गई और देखते ही देखते पूरी मशीन लपटों में घिर गई. दमकल विभाग की टीम और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया लेकिन आग इतनी भीषण थी कि किसी को बचाया नहीं जा सका.

महाराष्ट्र पुलिस और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने दुर्घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. दुर्घटनास्थल पर मिले मलबे की जगह की जांच होगी. साथ ही फोटो लिए जाएंगे ताकि यह समझा जा सके कि विमान किस रफ्तार और किस एंगल से टकराया. ब्लैक बॉक्स की जांच से यह पता लगाया जाएगा कि उड़ान के समय विमान की तकनीकी स्थिति कैसी थी और क्या वह उड़ान के लायक था? उड़ान से पहले किए गए रख-रखाव (मेंटेनेंस) से जुड़े सभी रिकॉर्ड भी खंगाले जाएंगे.

कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डिंग से आखिरी पलों में पायलटों की बातचीत और उनके द्वारा लिए गए फैसलों की जानकारी मिलेगी. पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के बीच हुई बातचीत के आधिकारिक रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी ताकि गलती की वजह साफ हो सके. इसके अलावा मौसम, रनवे की स्थिति और हवा की दिशा जैसे बाहरी कारणों को भी जांच में शामिल किया जाएगा.

वहीं, अजित पवार के असामयिक निधन से पूरे महाराष्ट्र में गम का माहौल है. किसी को विश्वास नहीं हो रहा कि राजनीति के एक मजबूत नेता जो लोगों के बीच बहुत लोकप्रिय थे, का अचानक निधन हो जाएगा. इस हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. राज्य सरकार ने महाराष्ट्र में सभी सरकारी काम-काज रद्द कर दिए है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत सभी दलों के नेताओं ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और इसे राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!