“कोई कैसे बोल सकता है यमुना के पानी में जहर मिलाया गया, मैं भी …… “, दिल्ली की रैली में बोले प्रधानमंत्री मोदी

PM Narendra Modi Jan 29 (1) (1)
The Hindi Post

नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली के करतार नगर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया जहां उन्होंने सबसे पहले प्रयागराज महाकुंभ में हुई भगदड़ पर दुख जताया. इसके साथ ही पीएम मोदी दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के ‘यमुना में जहर’ वाले बयान पर जमकर बरसे.

उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सिर्फ हरियाणा का नहीं बल्कि भारतीयों का अपमान है, हमारे संस्कारों और हमारे चरित्र का अपमान है. मुझे पक्का विश्वास है कि ऐसी ओछी बातें करने वालों को दिल्ली की जनता इस बार सबक सिखाएगी. इन आप-दा वालों की लुटिया यमुना जी में ही डूबेगी.

पीएम मोदी ने कहा कि आप-दा वालों ने दिल्ली को पानी माफिया के भरोसे छोड़ दिया है. इन लोगों ने तीन चुनावों में यमुना जी की सफाई के नाम पर वोट मांगे. आज कह रहे हैं कि यमुना जी वोट नहीं देती. यह आप-दा वालों की सरासर बेशर्मी है, बेईमानी है, बदनीयती है. अपने राजनीतिक स्वार्थ में आप-दा वालों ने एक और घोर पाप किया है और यह पाप कभी भी माफ नहीं हो सकता है.

“दिल्ली के एक पूर्व मुख्यमंत्री (अरविंद केजरीवाल) ने हरियाणा के लोगों पर घिनौने आरोप लगा दिए हैं. हार के डर से आप-दा वाले बौखला गए हैं. क्या हरियाणा दिल्ली से अलग है? क्या हरियाणा वालों के बच्चे, परिवार और नाते-रिश्तेदार दिल्ली में नहीं रहते? क्या हरियाणा के लोग अपने ही बच्चों के पानी में जहर मिला सकते हैं?”

उन्होंने कहा कि हरियाणा का भेजा हुआ यही पानी दिल्ली में हर कोई पीता है. पिछले 11 साल से यह प्रधानमंत्री भी वहीं पानी पीता है, सभी न्यायमूर्ति और बाकी सभी सम्मानित लोग भी पीते हैं. क्या कोई यह सोच सकता है कि मोदी को जहर देने के लिए हरियाणा की भाजपा सरकार ने पानी में जहर डाल दिया है? क्या देश के न्यायधीशों को जहर पिलाकर मारने का षड्यंत्र चल रहा था? गलतियों को माफ करना भारत के नागरिकों का उदार चरित्र है लेकिन जो लोग जानबूझकर गलत नीयत से पाप करते हैं, उन्हें न तो दिल्ली कभी माफ करती है और न ही देश.

पीएम मोदी ने कहा, “मैंने हरियाणा की रोटी खाई है. मैं हरियाणा को भली-भांति जानता हूं. अनेक घरों में यज्ञ होता है. वे देशभक्ति से भरे हुए लोग हैं. शायद कोई परिवार होगा जिसका बेटा सीमा पर मां भारती की रक्षा न करता हो. क्या ऐसे लोगों पर आप जहर पिलाने का आरोप लगा रहे हैं? यह देश तो ऐसा है कि पशु-पक्षियों को पानी पिलाता है. कभी उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाते हैं। आप-दा वाले कह रहे हैं कि हरियाणा वाले दिल्ली के पानी में जहर मिलाते हैं. यह वो देश है, जहां पानी पिलाना धर्म माना जाता है.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!