भीषण हादसे का शिकार हुआ परिवार, डिवाइडर से टकराकर कार के उड़े परखच्चे, महिला और मासूम समेत 5 की मौत

accident

सांकेतिक तस्वीर / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस

The Hindi Post

भीषण हादसे का शिकार हुआ परिवार, डिवाइडर से टकराकर कार के उड़े परखच्चे, महिला और मासूम समेत 5 की मौत

 

महेसाणा | गुजरात के मेहसाणा जिले में भीषण सड़क हादसा हुए है. इस घटना में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.

​जानकारी के मुताबिक, एक परिवार राजस्थान में शादी में शामिल होने के बाद ईको कार से अहमदाबाद के रामोल वापस लौट रहा था. इस दौरान ऊंझा के उनावा के पास कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई. हादसा होते ही मौके पर ही चीख-पुकार मच गई. कार के परखच्चे उड़ गए. मौके पर भीड़ लग गई. आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया.

इस दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र, एक महिला और एक बच्चे सहित कुल 5 लोगों की जान चली गई है. जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. हादसे में घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है. सड़क हादसे में रामलाल कुमावत, कोमल कुमावत, कैलाश कुमावत, एक बच्चा और एक वृद्ध महिला की मौत हुई है. उनावा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है.

यह हाल ही में गुजरात में हुआ दूसरा बड़ा सड़क हादसा है. इससे पहले, यहां के वलसाड जिले में कपारड़ा–नानापोंढा हाईवे पर कुंभघाट के पास हुए हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई थी. पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी दी कि मृतक कपारड़ा तालुका के अंबा जंगल गांव के निवासी थे. हादसे के समय कार में कुल सात लोग सवार थे जिनमें पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं.

यह दुर्घटना कुंभघाट के उस तीखे मोड़ पर हुई जिसे अधिकारी पहले से ही दुर्घटना-प्रवण क्षेत्र बताते रहे हैं. ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए. पुलिस के मुताबिक, पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी. दो गंभीर रूप से घायल पुरुषों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया. इस तरह मृतकों की संख्या सात हो गई.

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!