दिल दहला देने वाला हादसा: शादी समारोह से लौट थे कार सवार, कार पुल से जा गिरी नहर में, पांच की मौत

accident in lakhimpur kheri 2 (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

दिल दहला देने वाला हादसा: शादी समारोह से लौट थे कार सवार, कार पुल से जा गिरी नहर में, पांच की मौत

 

लखीमपुर खीरी | उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. ढखेरवा-गिरजापुरी हाईवे पर तेज रफ्तार अल्टो कार अनियंत्रित होकर शारदा नहर में जा गिरी. हादसे में कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.

पुलिस के अनुसार सभी मृतक और घायल व्यक्ति एक ही गांव के रहने वाले थे और किसी शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे. हादसा देर रात हुआ. अंधेरा और तेज रफ्तार के कारण चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे नहर में समा गई. नहर में पानी का स्तर काफी अधिक होने से कार पूरी तरह डूब गई.

सूचना मिलते ही पडुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. ग्रामीणों की मदद से क्रेन की सहायता से कार को नहर से बाहर निकाला गया. कार के अंदर पांच शव थे. मृतकों की पहचान अभी पूरी तरह नहीं हो पाई है लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी युवा थे और शादी समारोह में शामिल होने गए थे.

घायल चालक को गाड़ी से तुरंत निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) – रमिया बेहड़ में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. डॉक्टरों के अनुसार उसके सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं.

हादसे के बाद से इलाके में मातम पसरा हुआ है. एक ही गांव के पांच लोगों की एक साथ मौत से पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया है. स्थानीय लोग हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम सख्त करने की मांग कर रहे हैं.

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!