भीषण सड़क हादसे में कार सवार 5 लोगों की हुई मौत, कार हुई पूरी तरह से क्षतिग्रस्त
Photo: IANS
उदयपुर | राजस्थान के उदयपुर जिले में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. इस दुर्घटना में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई.
उदयपुर जिले के सुखेर थाना क्षेत्र के अंबेरी में गुरुवार रात को एक बड़ा हादसा हुआ. इसमें पांच युवकों की जान चली गई. यह हादसा रात करीब 12 बजे तब हुआ जब अंबेरी से देबारी की तरफ जा रही एक कार गलत लेन में आकर ट्रक से टकरा गई. इस दुर्घटना में कार सवार सभी पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई.
हादसे के समय कार के ड्राइवर ने दुर्घटना होने से बचाने का प्रयास किया लेकिन उसे पर्याप्त जगह नहीं मिल पाई और कार सीधे ट्रक से टकरा गया. इसके परिणामस्वरूप कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कार में सवार सभी पांच युवकों की मौत हो गई. मृतकों में हेड कांस्टेबल का बेटा भी शामिल है. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
घटना की सूचना मिलते ही सुखेर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा. पुलिस अब इस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि कार चालक गलत दिशा में क्यों गया था.
उत्तर प्रदेश में भी 20 नवंबर की रात को करीब साढ़े 8 बजे एक भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर और बाइक की भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई थी. यूपी के बिजनौर में यह हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार गन्ने से लदे ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गया.
उल्लेखनीय है कि घने कोहरे के कारण भी उत्तर भारत में इस समय हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है. 16 नवंबर को भी बिजनौर में एक दर्दनाक हादसा हुआ था जिसमें 7 लोगों की जान चली गई थी. तब कार और ऑटो की भिड़ंत हो गई थी. घने कोहरे के कारण धामपुर के देहरादून नैनीताल नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार ने थ्री व्हीलर वाहन को पीछे से टक्कर मार दी थी. हादसे में थ्री व्हीलर वाहन के चालक समेत सात लोगों की मौत हो गई थी.
