भीषण सड़क हादसा: 6 लोगों की मौत, सभी महाकुंभ से लौट रहे थे घर, कार के उड़े परखच्चे
Photo: IANS
भोजपुर | भोजपुर (बिहार) जिले के जगदीशपुर थाना इलाके में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई हैं. यह हादसा आरा-मोहनिया हाईवे पर दुल्हिनगंज बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास तड़के लगभग तीन बजे हुआ.
कार सवार लोग प्रयागराज महाकुंभ से स्नान कर पटना लौट रहे थे. हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए.
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद जेसीबी की मदद से शवों को कार से बाहर निकाला गया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया हैं.
जानकारी के अनुसार, मृतकों में दंपती, उनकी दो बेटियां समेत छह लोग बताए जा रहे हैं.
बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार तेज थी और चालक को झपकी आ गई थी जिस वजह से वाहन ने खड़े ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी. फिलहाल, पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसकी गूंज कई सौ मीटर तक सुनाई दी.
बता दें कि इससे पहले गुरुवार को कृष्णा ब्रह्म थाना क्षेत्र के अंतर्गत पटना-बक्सर नेशनल हाईवे-922 के नुआंव गांव के पास हादसा हुआ था. प्रयागराज महाकुंभ से लौट रहा एक डॉक्टर का परिवार बक्सर में हादसे का शिकार हो गया था. कार सवार डॉक्टर जितेंद्र कुमार केसरी की दूसरी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं हादसे में डॉक्टर, उनकी पहली पत्नी, बेटा और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
