गैंगरेप की भयानक वारदात: 3 लड़कियों को अगवा कर किया सामूहिक दुष्कर्म, 18 लड़कों पर आरोप
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
झारखंड के खूंटी जिले से गैंगरेप की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. आरोप है कि 18 लड़कों ने तीन नाबालिग लड़कियों से सामूहिक दुष्कर्म किया. इस वारदात को अंजाम देने वाले लड़के 18 साल के कम उम्र के है. पुलिस इन लड़कों की सही उम्र का सत्यापन कर रही है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पहले पांच नाबालिग लड़कियों को कथित तौर पर अगवा किया गया. पांच में से दो लड़कियां आरोपियों के चंगुल से भाग निकलने में कामयाब रही थी. इसके बाद आरोपियों ने तीन लड़कियों के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया.
दो बच्चियां जो भाग निकलने में सफल रही उन्होंने ही गांव पहुंचकर लोगों को अपनी खौफनाक आपबीती सुनाई.
पुलिस ने कहा कि इस वारदात में 18 लड़कों के शामिल होने की बात सामने आ रही है. फिलहाल सभी 18 लड़कों को पकड़ लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है.
खूंटी के एसपी अमन कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “रनिया थानाक्षेत्र से कल सूचना मिली थी कि पांच बच्चियों के साथ छेड़खानी और दुष्कर्म की घटना एक गांव में हुई है. इसमें कुल 18 लोगों के इन्वॉल्वमेंट (शामिल होने) की बात सामने आई है.”
पुलिस अधिकारी ने कहा कि ये सभी (सभी लड़कियां और लड़के) एक शादी समारोह में गए हुए थे. कई लोग एक दूसरे को जानते भी थे. सभी 18 लड़कों को पकड़ लिया गया है. सभी आरोपियों के नाबालिग होने की बात बताई जा रही है. इसका हम सत्यापन कर रहे है. इस मामले में कार्रवाई की जाएगी.
बताया जा रहा है कि गैंगरेप की इस वारदात को तब अंजाम दिया गया जब लड़कियां शादी समारोह से वापस लौट रही थी.
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पीड़ित लड़कियों की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. पीड़ितों का मेडिकल चेकअप कराया गया है. वही आरोपियों को किशोर गृह भेजा गया है.
पुलिस ने बताया कि रेप की यह कथित घटना शुक्रवार रात की है. इस घटना से लोगों में आक्रोश है और वे कार्रवाई की मांग कर रहे है.
