बांग्लादेश में हिन्दू महिला से रेप, पेड़ से बांधा गया, काट दिए गए बाल, वीडियो बनाया
सांकेतिक तवसीर (आईएएनएस)
बांग्लादेश में हिन्दू महिला से रेप, पेड़ से बांधा गया, काट दिए गए बाल, वीडियो बनाया
बांग्लादेश में एक हिंदू विधवा महिला के साथ हुई अमानवीय घटना ने लोगों को झकझोर दिया है. स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, झेनाइदह जिले में शनिवार रात 40 वर्षीय महिला को दो स्थानीय युवकों ने बेरहमी से प्रताड़ित किया, उसके साथ बलात्कार किया, फिर उसे पेड़ से बांधकर उसके बाल काट दिए.
बताया जा रहा है कि आरोपियों में से एक युवक काफी समय से महिला पर गलत नजर रखे हुए था और उससे बार-बार अश्लील हरकतें करता था. यह सिलसिला पिछले ढाई वर्षों से चल रहा था.
पीड़िता के बयान और दर्ज शिकायत के अनुसार, करीब ढाई साल पहले महिला ने कालिगंज नगर क्षेत्र के नंदीपाड़ा निवासी शाहिन और उसके भाई से 20 लाख टका में दो मंजिला मकान और लगभग 300 डेसिमल जमीन खरीदी थी. इसके बाद से ही शाहिन ने उस पर बुरी नीयत रखना शुरू कर दिया और लगातार उसे परेशान करने लगा. महिला द्वारा उसके प्रस्ताव ठुकराने के बाद उत्पीड़न और बढ़ गया.
घटना की रात महिला को बुरी तरह प्रताड़ित किया गया जिससे वह बेहोश हो गई. बाद में स्थानीय लोगों ने उसे घायल अवस्था में बचाया और झेनाइदह सदर अस्पताल में भर्ती कराया.
झेनाइदह जनरल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मोहम्मद मुस्तफिज़ुर रहमान ने बताया कि शुरुआत में महिला ने पूरी घटना के बारे में कुछ नहीं बताया था. उन्होंने कहा, “चिकित्सकीय जांच के दौरान हमें पता चला कि महिला के उत्पीड़न हुआ था.”
झेनाइदह के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिलाल हुसैन ने कहा कि पीड़िता को थाने बुलाकर उसकी शिकायत दर्ज कर ली गई है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पीड़िता द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने कालिगंज इलाके से दोनों आरोपियों—शाहिन और उसके एक सहयोगी—को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच जारी है.
Hindi Post Dot In
